search

Dhanbad Municipal Election 2026: आज थमेगा चुनावी शोर, चाची-भतीजे के प्रचार युद्ध ने खींचा सबका ध्यान

LHC0088 3 hour(s) ago views 194
  

धनबाद के स्टील गेट में आमने-सामने चाची इंदू देवी और भतीजे संजीव सिंह की होर्डिंग। (फोटो जागरण)



जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद नगर निकाय चुनाव अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। 23 फरवरी को मतदान होगा। चुनाव प्रचार 21 फरवरी की शाम 5 बजे समाप्त हो जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी केवल घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे। लाउडस्पीकर और भोंपू से होने वाले शोर-शराबे से लोगों को राहत मिलेगी।

  
चाची-भतीजे की जंग रही चर्चा में

यूं तो धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए 29 प्रत्याशी मैदान में हैं। पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, इंदू देवी, पूर्व विधायक संजीव सिंह, शमशेर आलम, संजीव कुमार अग्रवाल, प्रकाश महतो समेत सभी प्रत्याशियों के अपने-अपने जीत के समीकरण हैं। हालांकि हार-जीत से इतर पूर्व विधायक संजीव सिंह और पूर्व मेयर इंदू देवी के आमने-सामने होने से यह चुनाव बड़ा ही दिलचस्प हो गया है। इंदू देवी रिश्ते में संजीव सिंह की माैसी भी हैं और चाची भी।  
22 फरवरी को मतदान कर्मियों का डिस्पैच

मतदान से एक दिन पूर्व 22 फरवरी (रविवार) को सभी नगर निकायों में मतदान कर्मियों को चुनावी सामग्री के साथ डिस्पैच किया जाएगा। इसके लिए सामग्री कोषांग में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। चुनाव में उपयोग होने वाले वाहनों को जमा करने की प्रक्रिया भी अंतिम दौर में है। वाहनों को रणधीर वर्मा स्टेडियम में रखा गया है।
सामान्य प्रेक्षक ने किया निरीक्षण

धनबाद नगर निगम क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक ने सामग्री कोषांग का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान में प्रयुक्त सामग्रियों की उपलब्धता, पैकेजिंग, लेबलिंग, सीलिंग और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था का जायजा लिया। प्रेक्षक ने मतदान दलों के लिए किट की तैयारी, स्टेशनरी की समुचित पैकिंग तथा प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पारदर्शिता और चेकलिस्ट आधारित सत्यापन पर जोर

सामान्य प्रेक्षक ने निर्देश दिया कि डिस्पैच के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए चेकलिस्ट आधारित सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर सतर्कता, समन्वय और समयबद्ध कार्यवाही आवश्यक है। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
सभी मतदान केंद्र तंबाकू मुक्त घोषित

उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) आदित्य रंजन ने नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत सभी मतदान केंद्रों और मतगणना हाल को धूम्रपान व तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित किया है। धनबाद नगर निगम के 55 वार्डों और चिरकुंडा नगर परिषद के 21 वार्डों के सभी मतदान केंद्रों पर सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, पान मसाला व जर्दा के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

यह निर्णय बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 की धारा-4 तथा झारखंड राज्य के संबंधित अधिनियम 2021 के प्रावधानों के तहत लिया गया है। नियमों के उल्लंघन पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं, प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
163238