UP Board Exam 2026 बोर्ड कापियों के मूल्यांकन केंद्रों की सीसीटीवी से निगरानी होगी।
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। UP Board Exam 2026 हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के बीच उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां तेज कर दी है। इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश तैयार किए जा रहे हैं, ताकि परीक्षा समाप्त होने के बाद एक सप्ताह के भीतर मूल्यांकन कार्य शुरू कराया जा सके। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य की आनलाइन निगरानी की जाएगी। इसके लिए इस बार 249 मूल्यांकन केंद्र प्रदेश भर में बनाए गए हैं, जो कि पछले वर्ष की तुलना में 12 कम हैं।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कम हैं बोर्ड कापियां
UP Board Exam 2026 इस वर्ष परीक्षार्थियों की संख्या में कमी आने के कारण उत्तर पुस्तिकाओं की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में कम है। इसी को देखते हुए बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने मूल्यांकन केंद्रों की संख्या कम करके 249 कर दी है। वर्ष 2025 में 261 केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया गया था। सभी केंद्रों का निर्धारण भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखकर किया गया है।
सीसीटीवी की निगरानी में होगा मूल्यांकन कार्य
UP Board Exam 2026 मूल्यांकन कार्य सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की ‘अ’ और ‘ब’ कापियों को मिलाकर इस वर्ष कुल 3.60 करोड़ उत्तर पुस्तिकाएं तैयार कराई गई हैं। पिछले वर्ष करीब 3.80 करोड़ उत्तरपुस्तिकाएं तैयार कराई गई थीं। मूल्यांकन कार्य 19 मार्च से दो अप्रैल तक कराया गया था और परीक्षाफल 25 अप्रैल को घोषित किया गया था।
मूल्यांकन की तिथि जल्द घोषित की जाएगी
पिछले वर्ष की तरह इस बार भी परीक्षा 12 मार्च को ही संपन्न होगी। दो से तीन दिन के भीतर उत्तर पुस्तिकाएं संकलन केंद्र से मूल्यांकन केंद्र पर सुरक्षित पहुंचाने के बाद मूल्यांकन कार्य आरंभ किया जाएगा। जल्द ही मूल्यांकन की तिथि घोषित की जाएगी। |
|