जागरण संवाददाता, लखीमुपर। सदर कोतवाली के सलेमपुर कोन में किराए के मकान में रह रहे एक
युवक की संदिग्ध परिस्थितयों में गोली लगने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर एएसपी पूर्वी और शहर कोतवाल ने घटनास्थल पर जाकर जांच पड़ताल कर मौके से तमंचा बरामद किया है। उधर, शहर कोतवाली पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
खीरी थाना क्षेत्र के गांव चंडीदीनपुरवा निवासी 26 वर्षीय आशीष अवस्थी सलेमुपर कोन निवासी अमित वर्मा के घर में किराए पर रहता था। जो राहुल मिश्रा और राजा मिश्रा की ट्रांसपोर्ट कंपनी पर मुनीम था। बताया जाता है कि आशीष अवस्थी को इन लोगों से एक लाख रुपये को लेकर विवाद था। बताया जाता है कि शुुक्रवार देर शाम यह लोग आशीष के घर पहुंच गए।
विवाद के अचानक गोली चल गई
वहां पर विवाद होने पर अचानक गोली चल गई, जो आशीष अवस्थी के सीने में लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताते हैं कि राहुल मिश्रा और राजा मिश्रा खून से लथपथ आशीष को अपनी कार से पहले एक निजी अस्पताल लेकर गए और फिर वहां से जिला अस्पताल पहुंचे।
इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक के आशीष को मृत घोषित करने और घरवालों के आने पर राहुल मिश्रा और राजा मिश्रा कार अस्पताल में ही छोड़कर भाग गए। सूचना पर एएसपी पूर्वी पवन गौतम व शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल कर घटनास्थल पर मिला तमंचा अपने कब्जे में लेकर फरार राजा मिश्रा और राहुल मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- रोडवेज बस में चढ़ रही महिला के पर्स से 8 लाख के जेवर उड़ाए, CCTV में दो आरोपित हुए कैद
इस संबंध में एएसपी पूर्वी पवन गौतम ने बताया कि सलेमपुर कोन में किराए के मकान में रह रहे एक युवक की गोली लगने से मौत हुई है। घटनास्थल से तमंचा भी मिला है। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। |
|