संवाद सूत्र, महोली (सीतापुर)। कस्बे से होते हुए बड़ागांव, ढकिया, निमचेना और उमरिया क्षेत्र को जाने वाली रोडवेज बस पिछले चार दिनों से बंद है। इससे करीब 100 गांवों की आबादी प्रभावित हो रही है।
यह बस रात के समय सीतापुर से महोली के लिए चलती थी और महोली से बड़ागांव होते हुए उमरिया तक यात्रियों को पहुंचाती थी।
ग्रामीणों के अनुसार, यह क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन थी, जिससे आम जनमानस को काफी सुविधा मिलती थी। वर्तमान में बस सेवा पूरी तरह ठप होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टैंड अधिकारियों की लापरवाही के कारण आए दिन सेवा प्रभावित रहती है।
कई बार की शिकायत
कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस समय बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं और आने-जाने का यही एकमात्र साधन होने के कारण अभिभावक और छात्र खासे परेशान हैं।
यह भी पढ़ें- GM आवास बाउंड्री वॉल गेट पर खड़ा दिखा बाघ, ग्रामीणों में दहशत, ड्यूटी में तैनात गार्ड्स ने कैमरे में कैद की तस्वीर
उमरिया निवासी संजय, अमित, बलाराम, राहुल और विकास वर्मा सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक वर्ष से बस सेवा अनियमित चल रही है। करीब 20 वर्षों से संचालित यह बस क्षेत्र के यातायात की जीवनरेखा मानी जाती है।
एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि उमरिया की बस खराब हो गई है। वह वर्कशाप में मरम्मत हेतु भेजी गई है। इस रूट पर दूसरी बस संचालित की जाएगी। |