गल्ले से पैसे निकालते हुए चोर सीसीटीवी में कैद।
जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब के जालंधर के अवतार नगर इलाके में देर रात चोरों ने एक जनरल स्टोर को निशाना बनाते हुए 35 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, छाबड़ा जनरल स्टोर के मालिक जतिन रोजाना की तरह गुरुवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे उनके बेटे युवी ने जब दुकान खोली तो ताले टूटे हुए पाए। अंदर जाकर देखा तो तिजोरी से नकदी गायब थी।
यह भी पढ़ें- पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की बड़ी चूक; आठवीं विज्ञान प्रश्नपत्र में पंजाबी अनुवाद गायब, छात्रों को हुई परेशानी
मुंह ढका व्यक्ति सीसीटीवी में दिखा
सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि रात करीब 3:30 बजे एक मुंह ढका व्यक्ति दुकान के अंदर घुसा। उसने सीधे काउंटर के पास रखी तिजोरी को खंगाला और उसमें रखी करीब 35 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। बताया जा रहा है कि यह रकम मंडी में भुगतान के लिए अलग रखी गई थी। चोर वारदात को अंजाम देकर कुछ ही मिनटों में फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही भारगव कैंप पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। मामले में दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- नूरा सिस्टर्स के पिता गुलशन वीर किडनी फेलियर से जूझे; छह दिन इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी
पुलिस ने जांच की शुरू
पीड़ित दुकानदार जतिन ने बताया कि सड़क पर देर रात तक आवाजाही रहती है, इसके बावजूद चोरी की घटना होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पहले भी कई चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुकानदार के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।
यह भी पढ़ें- मुक्तसर की सब तहसील परिसर से तीन पेड़ चोरी; सीसीटीवी के बावजूद नहीं मिला सुराग |