वाराणसी में बेकाबू कार का कहर राजघाट पर टक्कर शराब की बोतलें बरामद, चालक फरार।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट स्थित अजगर शहीद मजार के पास गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। भदऊचुंगी की ओर से पड़ाव जा रही कार करीब 11:30 बजे संतुलन खो बैठी और डिवाइडर पार कर सामने से आ रही एक कार से टकरा गई। हादसे में सड़क किनारे खड़ी दो बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
मस्जिद में तरावीह पढ़ने आए लोगों ने अपनी बाइक जीटी रोड के किनारे खड़ी की थी, जो टक्कर की चपेट में आ गईं। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सवार युवक नशे में प्रतीत हो रहे थे। टक्कर के बाद कार का दरवाजा लॉक हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद खोला। बाहर निकलते ही युवक भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।
हादसे के कारण करीब 30 मिनट तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची आदमपुर पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को थाने भिजवाया और यातायात सुचारू कराया। पुलिस के अनुसार कार दिल्ली में पंजीकृत है और उससे शराब की बोतलें बरामद हुई हैं। फरार युवकों की तलाश की जा रही है। |