कैप्शन: सुखविन्द्र सिंह सुक्खू व राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे l जागरण आर्काइव
राज्य ब्यूरो, शिमला। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सहित कैबिनेट मंत्री वीरवार को दिल्ली चले गए। उनकी शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ बैठक होगी। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के समापन समारोह कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
ऐसे में वह दिल्ली नहीं गए हैं। मुख्यमंत्री वीरवार को श्रीनगर से दिल्ली चले गए। राहुल व खरगे के साथ बैठक में 16वें वित्तायोग की ओर से हिमाचल को मिलने वाला राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद करने पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री सुक्खू राहुल गांधी को बताएंगे कि आरडीजी बंद होने से प्रदेश की आर्थिक स्थितिपर कितना गहरा असर पड़ेगा।
सरकार ने अपने संसाधन जुटाने के लिए क्या प्रयास किए हैं और आगे की क्या रणनीति होगी। राहुल इस मामले को संसद में उठा सकते हैं, क्योंकि अभी केंद्रीय बजट पारित होना है।
सीएम स्पष्ट कर चुके हैं कि हिमाचल अपने हक के लिए कानूनी लड़ाई और राजनीतिक विकल्पों पर विचार करेगा। इसी कड़ी में हिमाचल का मंत्रिमंडल राहुल के साथ आरडीजी पर चर्चा करेगा। बैठक में पार्टी के राज्य अध्यक्ष विनय कुमार, प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी विदित चौधरी व चेतन चौहान भी मौजूद रहेंगे। |
|