गोरखपुर रेलवे स्टेशन। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रेलवे प्रेक्षागृह में गुरुवार को पूर्वोत्तर रेलवे का 70वां रेल सप्ताह समारोह सोल्लास मनाया गया। समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुख्यालय गोरखपुर समेत लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर मंडल के कुल 53 रेलकर्मियों को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले ट्रैक मेंटेनर, तकनीशियन, स्टेशन मास्टर, लोको पायलट, लिपिक, विभिन्न विभागों के निरीक्षक एवं सेक्शन इंजीनियर, चिकित्साकर्मी तथा अधिकारी शामिल थे। पुरस्कार पाकर रेलकर्मियों के चेहरे खिल उठे।
इसके अलावा महाप्रबंधक ने गोरखपुर जंक्शन को पूर्वोत्तर रेलवे की सर्वोत्तम स्टेशन ट्राफी प्रदान की। लखनऊ मंडल के स्टेशन सिद्धार्थनगर को प्रथम सर्वोत्तम व्यवस्थित स्टेशन का पुरस्कार दिया। सर्वोत्तम व्यवस्थित रनिंग रूम का पुरस्कार भटनी रनिंग रूम को तथा सर्वोत्तम व्यवस्थित मुख्यालय कार्यालय का पुरस्कार प्रधान वित्त सलाहकार कार्यालय, गोरखपुर को प्रदान किया। सर्वोत्तम व्यवस्थित एवं साफ-सुथरा रेक का पुरस्कार 12559/12560 बनारस-नई दिल्ली-बनारस शिवगंगा एक्सप्रेस को प्राप्त हुआ।
पूर्वोत्तर रेलवे का अंतरमंडलीय सर्वांगीण कार्यकुशलता शील्ड, अंतरमंडलीय सौर ऊर्जा उत्पादन, सर्वोत्तम नवोन्मेषी मंडल, अंतरमंडलीय सिगनल, कार्मिक, भंडार, कर्षण ऊर्जा दक्षता, राजभाषा, वाणिज्य, इंजीनियरिंग एवं अंतरमंडलीय यांत्रिक (सवारी एवं मालडिब्बा) कार्यकुशलता शील्ड लखनऊ मंडल को प्रदान किया गया।अंतरमंडलीय लोको अनुरक्षण शील्ड लोको शेड गोंडा को, अंतरमंडलीय जनसम्पर्क, दूरसंचार, विद्युत, सुरक्षा तथा अंतरमंडलीय चिकित्सा कार्यकुशलता शील्ड वाराणसी मण्डल को तथा अंतरमंडलीय संरक्षा, पर्यावरण एवं हाउस कीपिंग प्रबन्धन, लोको (परिचालन), कर्षण वितरण, लेखा, परिचालन तथा नागरिक केंद्रित सेवा दक्षता शील्ड इज्जतनगर मण्डल को प्रदान किया।
अपने संबोधन में महाप्रबंधक ने कहा कि वर्ष 2024 में किए गए कार्य के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी ने उत्कृष्ट कार्य किए हैं। हमारे और भी रेलकर्मी अच्छा कार्य करते हैं। उनमें चुने गये कुछ रेलकर्मियों को यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार दिए जाने का उद्देश्य है कि रेलकर्मी और उत्कृष्ट कार्य करते रहें।
यह भी पढ़ें- होली पर मुंबई और जोधपुर के लिए तीन स्पेशल ट्रेनों का होगा संचालन, यात्री नोट कर लें शेड्यूल
प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने सभी का स्वागत किया। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने संचालन और आभार ज्ञापित किया। पूर्वोत्तर रेलवे कला समिति के कलाकारों ने मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष मनीषा बोरवणकर, अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल समेत समस्त प्रमुख विभागाध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक, अधिकारी, कर्मचारी व उनके स्वजन उपस्थित थे। |