आसिया (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। बीजपुर थाना क्षेत्र के जरहा गांव में एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहां खेल-खेल में झूला झूल रही आठ वर्षीय मासूम बालिका के गले में झूले की रस्सी फंस गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जरहा गांव निवासी शमशेर की आठ वर्षीय पुत्री आसिया घर पर अकेली खेल रही थी। घर के अन्य सदस्य पास ही में रहने वाले मुस्ताक के घर एक विदाई कार्यक्रम में गए हुए थे। इसी दौरान मासूम आसिया ने घर की छत में लगी बल्ली के सहारे साड़ी और दुपट्टे से एक झूला बनाया और उस पर झूलने लगी।
खेलते-खेलते अचानक झूला गोल घूमने लगा जिससे दुपट्टा उसके गले में कसता चला गया। बच्ची खुद को छुड़ा नहीं पाई और दम घुटने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। विदाई कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब परिजन घर लौटे तो अंदर का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
मासूम को झूले में फंसा देख परिजनों की चीख निकल गई। आनन-फानन में उसे फंदे से नीचे उतारा गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। नन्हीं आसिया राजो के सरकारी स्कूल में पढ़ती थी। उसकी अचानक मौत ने परिवार और स्कूल के साथियों को झकझोर कर रख दिया है।
यह भी पढ़ें- सोनभद्र में युवक ने 132 केवी बिजली के टावर पर चढ़ने से मची अफरा-तफरी, पांच घंटे बाद बहाल हुई बिजली |