मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू दिल्ली में राहुल-खरगे से मिलेंगे (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गुरुवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनके साथ हिमाचल के कई कैबिनेट मंत्री भी मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार वह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ मुलाकात करेंगे।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के समापन समारोह कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इसलिए वह दिल्ली नहीं गए हैं।
शुक्रवार को राहुल व खड़गे के साथ बैठक में 16वें वित्तायोग की ओर से हिमाचल को मिलने वाला राजस्व घाटा अनुदान बंद करने पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू राहुल गांधी को बताएंगे कि आरडीजी बंद होने से प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर कितना गहरा असर पड़ेगा। हिमाचल सरकार ने अपने संसाधन जुटाने के लिए क्या प्रयास किए हैं और आगे की क्या रणनीति होगी।
राहुल गांधी इस मामले को संसद में उठा सकते हैं, क्योंकि अभी केंद्रीय बजट पारित होना है। मुख्यमंत्री स्पष्ट कर चुके हैं कि हिमाचल अपने हक के लिए कानूनी लड़ाई और राजनीतिक विकल्पों पर विचार करेगा। इसी कड़ी में हिमाचल का मंत्रिमंडल राहुल के साथ आरडीजी पर चर्चा करेगा।
बैठक में कांग्रेस के राज्य अध्यक्ष विनय कुमार, प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी विदित चौधरी व चेतन चौहान भी मौजूद रहेंगे। |