कानपुर में बनेगा दोनों देशों के एविएशन का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (फोटो सोर्स- पीटीआई)
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत-फ्रांस वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के तहत कानपुर की झोली में बड़ा उपहार आया है। हिंदुस्तन एयरोनाटिक्स लिमिटेड (HAL) और कई प्रमुख आयुध निर्माणियों वाले इस शहर में कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय द्वारा सेंटर आफ एक्सीलेंस की स्थापना का निर्णय तो पहले ही हो चुका था।
लेकिन हाल ही में द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच तय हुआ कि भारत-फ्रांस सहयोग के अंतर्गत कानपुर के नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एनएसटीआइ) में एविएशन सेक्टर के लिए भारत-फ्रांस नेशनल सेंटर आफ एक्सीलेंस बनाया जाएगा।
युवाओं को प्रशिक्षण का मिलेगा मौका
यहां विमानन के साथ ही डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग और संबंधित क्षेत्रों में युवाओं को उत्कृष्टण प्रशिक्षण दिया जाएगा। कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026 के शुभारंभ और फ्रांस के साथ द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के दौरान भारत-फ्रांस सहयोग के अंतर्गत राष्ट्रीय विमानन कौशल उत्कृष्टता केंद्र की औपचारिक घोषणा की।
कानपुर में प्रस्तावित यह नेशनल सेंटर आफ एक्सीलेंस उन पांच सेंटर आफ एक्सीलेंस में से एक है, जिनके लिए पीएम-सेतु योजना के तहत पिछले केंद्रीय बजट में आवंटन किया गया था। कानपुर के अलावा ऐसे केंद्र लुधियाना, भुवनेश्वर, हैदराबाद और चेन्नई में स्थापित किए जाने हैं।
कानपुर में प्रस्तावित भारत-फ्रांस राष्ट्रीय विमानन केंद्र एयरोनाटिक्स, मेंटिनेंस, रिपेयर, ओवरहाल (एमआरओ), एयरपोर्ट आपरेशंस, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग और संबद्ध क्षेत्रों में उन्नत कौशल प्रशिक्षण देगा। इसकी कल्पना एक विश्वस्तरीय संस्थान के रूप में की गई है, जो एविएशन स्किलिंग में भारत की क्षमता के साथ ही देश के बढ़ते एयरोस्पेस और डिफेंस इकोसिस्टम को मजबूत करने में सहयोगी हो।
पीएम-सेतु योजना के तहत इस केंद्र की स्थापना के लिए भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय और फ्रांस सरकार के बीच आशय पत्र (लेटर आफ इंटेंट) का आदान-प्रदान हो चुका है। प्रस्तावित भारत-फ्रांस सहयोग में को-डिजाइन करिकुलम, ट्रेनिंग आफ ट्रेनर्स प्रोग्राम, कार्यक्रमों की संयुक्त समीक्षा, भाषा प्रशिक्षण और मोबिलिटी के अलावा विमानन, अंतरिक्ष और संबद्ध क्षेत्रों में सहयोग शामिल है।
केंद्रीय मंत्री ने क्या कहा?
पीएम-सेतु के तहत कानपुर में बनने जा रहा राष्ट्रीय विमानन उत्कृष्टता केंद्र न केवल वैश्विक स्तर पर सक्षम विमानन पेशेवरों की आपूर्ति सुनिश्चित करेगा, बल्कि उच्च प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में फ्रांस के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को भी मजबूत करेगा। यह पहल वैश्विक मानकों के अनुरूप कौशल विकास, मोबिलिटी को बढ़ावा देने सहित एविएशन, डिफेंस और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्रों में उभरते अवसरों के लिए हमारे युवाओं को तैयार करेगी।- जयन्त चौधरी कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
इधर ट्रंप की धमकी, उधर ईरान ने कर ली फुल तैयारी, न्यूक्लियर साइटों पर बढ़ी सुरक्षा; सैटेलाइट तस्वीरों से खुला राज |
|