LHC0088 • Yesterday 19:26 • views 722
जालंधर के भोगपुर में एनआरआई के घर पर फायरिंग
संवाद सहयोगी, जालंधर। जालंधर के भोगपुर में एक एनआरआई के घर के बाहर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई और मौके से फरार हो गए। यह पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह गोलीबारी गांव भटनूरा लुबाना में बुधवार रात की गई। सीसीटीवी कैमरे में देखा गया कि एनआरआई परिवार के घर पर दो अज्ञात युवकों ने गोलियां चला दी और वारदात के बाद मौके से भाग गए। गोलियां चलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया, जिसकी सूचना स्थानीय लोगों ने थाना भोगपुर की पुलिस को दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने एनआरआई मंजीत सिंह के बयान दर्ज किए। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि एनआरआई परिवार पर उनके ही भांजे ने रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया।
डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि थाना भोगपुर के प्रभारी राजेश कुमार को देर रात एनआरआई मंजीत सिंह ने वारदात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह बेटी की शादी करने के लिए इंग्लैंड से अपने गांव आए हुए है। देर रात घर में सारा परिवार मौजूद था, तभी बाइक सवार दो युवक आए और घर के बाहर गोलियां चलाकर फरार हो गए।
एनआरआई परिवार ने बताया कि उन्होंने अपने भांजे गगनदीप को गोद लिया हुआ है। वह अमेरिका में रहता है और उसके साथ दो अन्य भांजे शमशेर सिंह और गुरप्रीत सिंह रहते है। मंजीत ने आरोप लगाए कि किसी बात को लेकर उसकी गगनदीप और शमशेर सिंह के साथ विवाद हुआ था और उसकी दोनों से बोलचाल बंद है।
आरोप है कि शमशेर ने भुलत्थ में रह रही अपनी मां को बीते दिन कॉल करके कहा था कि अगर वह मंजीत के घर शादी में गई तो वह घर में फायरिंग करवाएगा। पीड़ित ने शक जाहिर करते हुए कहा कि शमशेर सिंह के कहने पर बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस ने पीडित के बयानों पर मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि उनकी टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है और वह जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे। |
|