search

भूमि विवाद व रंगदारी के मामले में रामनगर राज परिवार के राजा संजय विक्रम शाह गिरफ्तार

Chikheang 2026-2-19 17:27:24 views 1234
  

Land Dispute Case: न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर रामनगर पुलिस ने की कार्रवाई। फोटो: जागरण



संवाद सूत्र, रामनगर(पश्चिम चंपारण)। Ramnagar Police Action: भूमि विवाद और रंगदारी मांगने के एक मामले में रामनगर राज परिवार के राजा संजय विक्रम शाह को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर रामनगर थाना पुलिस ने की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसडीपीओ रागिनी कुमारी के नेतृत्व में टीम ने राजा संजय विक्रम शाह के आवास पर छापेमारी कर उन्हें हिरासत में लिया। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि यह गिरफ्तारी भूमि विवाद और रंगदारी से जुड़े एक पुराने मामले में की गई है।

उन्होंने बताया कि मार्च 2025 में गोला बाजार निवासी रजत तुलस्यान के कोर्ट परिवाद के आधार पर रामनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में राजा संजय विक्रम शाह के अलावा मोक्ष विक्रम शाह उर्फ मयंक, सीमा शाह समेत कुल सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने मौजा मुड़िला स्थित भूमि को दस्तावेज संख्या 13/313 के तहत शेख औरंगजेब से खरीदा था। भूमि की पैमाइश और चिन्हांकन के दौरान आरोपी मौके पर पहुंचे और दरबार में बुलाकर उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच देने की धमकी दी गई।

पीड़ित ने बताया कि बाद में जब वह अपनी जमीन पर चापाकल लगवा रहा था, तब आरोपियों ने लोगों को भेजकर कार्य रुकवा दिया और गाली-गलौज की। दिसंबर 2024 में दबाव बनाकर उनसे 1 लाख 75 हजार रुपये लिए गए।

इसके बाद जनवरी 2025 में शेष 8 लाख 25 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि राशि देने से इनकार करने पर पीड़ित को करीब दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
169244