जागरण संवाददाता, नोएडा। सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं के दौरान नोएडा के कई नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। वहीं, दिल्ली के भी कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।
नोएडा के कई स्कूलों को ई-मेल मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अलर्ट मिलने के बाद पुलिस ने स्कूलों में बम, डॉग स्क्वाड, कमांडो की टीम संग तलाशी अभियान चलाया और संदेशों के स्रोत की जांच शुरू की।
अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि गौतबुद्ध नगर के 12 स्कूलों की धमकी भरा मेल मिला है। जांच में कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है। स्कूल प्रबंधन को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
हॉक्स मेल का निकला मामला
नोएडा के स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी हॉक्स मेल का मामला निकला है। सभी मेल सुबह के समय भेजे गए। जानकारी होने पर स्कूलों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस टीम मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची। इसके बाद जांच की प्रक्रिया को शुरू किया गया।
परीक्षाओं और बच्चों को प्रभावित करना मकसद
स्कूलों में सीबीएसई और यूपी बोर्ड की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। इसी बीच धमकी भरे ई-मेल का मामला सामने आने के बाद परीक्षार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों की भी चिंता बढ़ गई। हालांकि, किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है लेकिन, परीक्षाओं के बीच धमकी देना सीधे बच्चों को भी प्रभावित करना मकसद है।
हाल में पकड़ा था एक गिरोह
नोएडा में स्कूलों को बम धमकी वाला ई-मेल भेजने वाले गिरोह को हाल में एसटीएसफ ने पकड़ा था। एसटीएफ ने नेपाली मूल के केदारनाथ, लेखनाथ शर्मा, अमीस जंग कारकी समेत अनंत कुमार, दिव्यांशु और साहिल कुमार को गिरफ्तार किया था। इन आरोपितो ने 23 जनवरी को स्कूलों को धमकी भरा ई-मेल भेजा था।
दिल्ली के द्वारका इलाके में कुछ स्कूलों को फिर से बम की धमकी वाले ई-मेल मिले हैं। यह घटना सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं के दौरान हुई है, जिससे हड़कंप मच गया और स्कूलों को खाली कराकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
दिल्ली के इन स्कूलों को मिली धमकी
सीआरपीएफ पब्लिक स्कूल द्वारका, संत थॉमस स्कूल, द्वारका, डीएवी पब्लिक स्कूल , पश्चिम एन्क्लेव ये तीन स्कूल मुख्य रूप से टारगेट किए गए हैं, जहां ई-मेल से बम धमकी मिली।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराए स्कूल; जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
दिल्ली फायर सर्विसेज और पुलिस ने पुष्टि की है कि इन स्कूलों को धमकी मिली, जिसके बाद तुरंत स्कूल खाली कराए गए और बम डिस्पोजल, डाग स्क्वाड व अन्य टीमों ने तलाशी शुरू की। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की खबर नहीं है, और जांच जारी है। |