भागलपुर मेट्रो प्रोजेक्ट का बनेगा डिजिटल नक्शा, बेस मैप सर्वे हुआ शुरू
अभिषेक प्रकाश, भागलपुर। शहर में प्रस्तावित मेट्रो सेवा को लेकर नया अपडेट आ गया है। राइट्स लिमिटेड ने ईस्ट-वेस्ट और नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर के तहत बनने वाले मेट्रो लाइन और स्टेशन के लिए बेस मैप सर्वे शुरू किया है। जिसके माध्यम से पूरे मेट्रो सर्विस का डिजिटल मैप बनेगा।
सर्वे टीम ने नाथनगर, नसरतखानी, रतीपुर बेरिया पंचायत के कुछ हिस्सों, भेरोलेन चंपानगर, पुरानी सराय, रामपुर खुर्द, महेशपुर, अलीगंज तथा सबौर के सरधो और जिछो इलाके में काम आरंभ किया गया है।
राइट्स के आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ये सर्वे 20 से 25 दिन का होगा। इसमें एक दर्जन से अधिक पदाधिकारी और कर्मचारी लगे हुए हैं। बेस मैप सर्वे के अंतर्गत मेट्रो के लिए विस्तृत आधार मानचित्र तैयार होगा। यह मानचित्र निर्माण कार्य की नींव माना जाता है। इसमें सड़कों, भवनों, नदियों और प्रमुख स्थलों की जानकारी संकलित की जा रही है।
साथ ही जमीन के नीचे बिछी बिजली की लाइनें, पानी की पाइपलाइन और नालियों का भी सूक्ष्म अध्ययन किया जा रहा है, ताकि निर्माण के दौरान किसी प्रकार की क्षति या दुर्घटना न हो। बेस्ट मैप सर्वे के माध्यम से मेट्रो मार्ग और स्टेशनों का सटीक निर्धारण किया जाएगा। साथ ही भूमि की ऊंचाई और ढाल का भी विवरण तैयार होगा। जिससे निर्माण कार्य सुगम और सुरक्षित हो सके।
बेस मैप के माध्यम से सारी चीजों की जानकारी केंद्रीकृत तरीके से एक जगह इकट्ठी की जाएगी। जिससे इंजीनियर, प्लैनिंग अफसर, आर्किटेक्ट और प्रशासनिक अधिकारी एक ही मंच से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, इस प्रक्रिया समय की बचत होगी और मेट्रो निर्माण से जुड़े निर्णय लेने में सहायक होगी जो परियोजना को पारदर्शी बनाएगी।
जगदीशपुर और विश्वविद्यालय क्षेत्र में यार्ड के लिए तलाशी जा रही जमीन
राइट्स लिमिटेड से जुड़े पदाधिकारी के अनुसार भागलपुर मेट्रो परियोजना में दो कॉरिडोर बनाए जाने हैं। जिसमें ईस्ट वेस्ट और साउथ नॉर्थ शामिल है। जिसमें कुल 22 स्टेशन बनाए होंगे। जिसमें पहला कॉरिडोर 17 किलोमीटर लंबा होगा जो चम्पानगर से सबौर के बीच तैयार होगा। वहीं,, दूसरा कॉरिडोर भागलपुर स्टेशन से वास्तु विहार तक 12 किमी लंबा होगा।
वहीं, भागलपुर स्टेशन इन्टरचेंजिग स्टेशन भागलपुर होगा। इसके लिए मेट्रो यार्ड निर्माण के लिए जमीन तलाशने का भी काम शुरू किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक जगदीशपुर में तीन जगह पर जबकि नाथनगर क्षेत्र के विश्वविद्यालय क्षेत्र में भी जमीन देखी गई है। ताकि इसे चिन्हित करते सर्वे में शामिल किया जा सके।
रेड ब्लू और ग्रीन- तीन लाइनों पर दौड़ेगी मेट्रो
शहर में प्रस्तावित मेट्रो परियोजना के तहत तीन अलग-अलग मार्गों पर रेल चलेगी। ब्लू लाइन भागलपुर से वास्तु विहार तक जाएगी, जिसमें मोजाहिदपुर, महेशपुर, आनंदमार्ग कॉलोनी, बदरे आलमपुर और भैरोपुर जैसे स्टेशन शामिल होंगे।
ग्रीन लाइन चम्पानगर से नाथनगर होते हुए टीएनबी कॉलेज और ततारपुर तक पहुंचेगी। वहीं, लाल लाइन भागलपुर बस डिपो से शुरू होकर भीखनपुर, पुलिस लाइन, तिलकामांझी चौक, आनंदगढ़ कॉलोनी, भागलपुर हवाई अड्डा, जीरोमाइल, भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज, सबौर, बीएयू तक विस्तृत होगी।
मेट्रो परियोजना में बेस मैप सर्वे के फायदे
- यह समस्त इंजीनियरिंग, भौगोलिक और सर्वेक्षण संबंधी जानकारी को एक ही स्थान पर सुरक्षित रखना
- जमीन के नीचे मौजूद बिजली तार, जल पाइप और सीवर लाइनों की सटीक जानकारी उपलब्ध करना
- विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए साझा मंच प्रदान करता है
- सड़कों, भवनों, नदियों और प्रमुख स्थलों जैसी स्थलाकृतिक जानकारी इकट्ठा करना
- उपग्रह या हवाई चित्रों के माध्यम से क्षेत्र का स्पष्ट दृश्य बनाना
- भूमि की ऊंचाई और ढाल संबंधी थ्री डी जानकारी उपलब्ध कराना
- यह निर्माण से पहले संभावित समस्याओं का आकलन करने में योजनाकारों की सहायता करता है
|