हमले की सूचना पर पहुंची पुलिस हाइवे पर लगा जाम। जागरण
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम। रुड़की रोड पर गुरुकुल गेट के पास बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे एक सनकी युवक ने सरेराह दाव से खूनी खेल खेला। चाय विक्रेता एक महिला समेत चार लोगों पर बलकटी से वार कर लहूलुहान कर दिया।
इन घायलों में सामान झोने वाले ई रिक्शा चालक के सिर और गर्दन पर गहरे घाव है जबकि महिला की अंगुली और बाकी दो लोगों के हाथ बलकटी लगने से चोटिल हुए है। मौके पर भगदड़ मच गई। भीड़ ने उसे पकड़कर बुरी तरह पीटा और पुलिस को सौंपा। घायलों का उपचार कराया गया है।
- दिन : बुधवार।
- समय : 2:30 बजे।
- थाना : पल्लवपुरम।
- स्थान : गुरुकुल गेट रुड़की रोड।
करीब 28 वर्षीय एक युवक हाथ में बड़े आकार की बलकटी लेकर खड़ा था। इसी बीच डीएमजी इंटर कालेज के छात्र रुड़की रोड पर पहुंचे, जिनके पीछे युवक बलकटी लेकर दौड़ा। बच्चे शोर मचाते हुए भाग गए। तभी एक स्कूल बस और बेगमपुल की ओर जा रहे एक टेंपो के पीछे सनकी युवक बलकटी लेकर भागा।
दोनों वाहन के चालकों ने तेज रफ्तार कर वहां से निकल गए। तभी सड़क किनारे छप्पर में चाय विक्रेता रुबी बैठी थी। सनकी युवक रुबी के पास पहुंचा और उस पर बलकटी मारी। रुबी ने हाथ से रोका तो उसकी अंगुली में कट लग गया। रुबी भागी तो उसकी कमर में बलकटी मारी, मगर बलकटी का उलटा हिस्सा लगा, वरना वह गंभीर रुप से घायल हो जाती।
उसके बाद पास ही खड़े करीब 40 वर्षीय हबीब और 28 वर्षीय आरिफ पर भी वार किया उनके हाथ में भी हल्की चोट लीग है। फिर सनकी युवक थोड़ी ईसा प्लाईवुड शोरुम के पास खड़े पाबली खास गांव निवासी 45 वर्षीय तौसीफ पुत्र यासीन के पीछे दौड़ा। तौसीफ ई-रिक्शा में सामान भरकर लाने ले जाने की मजदूरी करता है।
सनकी युवक द्वारा किए गए हमले में घायल आरिफ। जागरण
सनकी युवक तौसीफ की ओर जैसे ही भागा, तौसीफ प्लाईवुड शोरुम के बैसमेंट में पहुंच गया। सनकी युवक भी उसके पीछे बैसमेंट में पहुंचा, जहां उसने तौसीफ के सिर और गर्दन पर बलकटी से वार कर लहुलूहान कर दिया।
शोर शराबे के बीच आरोपित सनकी युवक बाहर सड़क पर पहुंच गया, जहां रुड़की रोड़ के व्यापारी नेता कृष्णा सैनी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सनकी युवक से बलकटी छीनी उसके बाद भीड़ ने उसे घेरकर उसकी धुनाई कर दी। घटना के दौरान रुड़की रोड पर जाम लग गया।
सनकी युवक द्वारा काटी गई उंगली को दिखाती रुबी। जागरण
सूचना पर पहुंची पल्लवपुरम पुलिस ने आरोपित को भीड़ से अपने कब्जे में लेकर दौराला सीएचसी पहुंचाया, जहां उसका उपचार हुआ। सनकी युवक की पहचान देवबंद में लवकरी निवासी रजुल कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार के रुप में हुई है। घायल तौसीफ को एसडीएस ग्लोबल हास्पिटल में भर्ती कराया गया।
पल्लवपुरम थाने की मोदीपुरम चौकी प्रभारी अभय यादव का कहना है कि सनकी युवक ने धारदार हथियार से हमला किया है, घायलों का उपचार कराया गया है। प्रथम दृष्टया आरेापित युवक की मानसिक दशा ठीक नहीं लग रही है। तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। |
|