कक्ष में आग लगने से धुआं फैल गया।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के शिवाजी नगर में स्थित जेपी अस्पताल में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ओपीडी ब्लॉक की पहली मंजिल पर स्थित पैथोलॉजी लैब के स्टोर रूम से उठता धुआं कुछ ही मिनटों में लपटों में बदल गया, जिससे पूरा परिसर धुएं से भर गया और मरीजों व उनके परिजनों में दहशत फैल गई।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। कर्मचारियों के मुताबिक पहले कमरे के भीतर से धुआं उठता दिखा, लेकिन देखते ही देखते आग फैलने लगी।
गार्ड ने तोड़ा ताला, फायर एक्सटिंग्विशर से संभाला मोर्चा
अस्पताल के गार्ड हरिदेव यादव ने बताया कि दोपहर करीब 12:15 बजे आग की सूचना मिली। जिस कमरे में आग लगी, वह फिलहाल स्टोर के रूप में उपयोग हो रहा था। कमरे के बाहर ताला लगा था और चाबी ढूंढने में समय लग रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गार्ड ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
यह भी पढ़ें- इंग्लिश बाबू वेड्स देसी मेम... भोपाल की छोरी संग ब्याह रचाने \“जनेऊ\“ कराएगा लंदन का छोरा, यूके से आई बारात, सात दिन चलेंगी रस्में
सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
दस्तावेजों को नुकसान, जनहानि टली
आग की चपेट में आकर स्टोर रूम में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और अस्पताल प्रशासन ने पूरे मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है। |
|