खाद्य सुरक्षा विभाग ने बेलबाबा चैक पोस्ट पर खाद्य कारोबारियों के यहां किया निरीक्षण. Concept
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी । होली त्योहार को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग एक्शन मोड पर आया है। इस दौरान रामपुर रोड स्थित बेलबाबा चैक पोस्ट में प्रवर्तन टीम ने खाद्य पदार्थ ले जाते 24 से अधिक वाहनों का निरीक्षण किया। दो खाद्य कारोबारियों को खाद्य संरक्षा व मानक अधिनियम, 2006 के प्राविधानों का उल्लंघन करने पर नोटिस दिया गया। वहीं छह खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच को भेजे।
मंगलवार को खाद्य सुरक्षा उपायुक्त कुमाऊं डा. राजेंद्र सिंह कठायत ने टीम के साथ बेलबाबा चैक पोस्ट पर बाहरी क्षेत्र से आने वाले वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान आपूर्तिकर्ता वाहनों से दुग्ध, नमकीन, आटा, आइस कैंडी, अरहद दाल, उर्द दाल के छह नमूने संग्रहित कर जांच को भेजे गए। नमूनों की जांच रिपोर्ट सही न मिलने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ सक्षम न्यायालय में खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत विधिक कार्रवाई होगी।
निरीक्षण में दो खाद्य कारोबारियों को नोटिस देकर अधिनियम का पालन करने व कारोबार में आवश्यक सुधार करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है। ऐसा न होने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके अलावा एफएसएसएआइ के निर्देश पर दालों की गुणवत्ता व शुद्धता को लेकर दो विभिन्न किस्म की दालों के नमूनें जांच को लिए। अभियान दल में सहायक आयुक्त अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंद किशोर आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- होली पर चंद्र ग्रहण का साया: सूतक काल के कारण बदला होलिका पूजन का समय, जानें सही मुहूर्त
यह भी पढ़ें- यूपी के सरकारी कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन को लेकर बड़ा अपडेट, होली की वजह से हो सकता है ये बदलाव |