फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, आगरा। आयकर विभाग ने मंगलवार को रियल एस्टेट कंपनी अहिंसा ग्रुप के अंतर्गत आरआरआर इंफ्रा डवलपर के यहां सर्वे शुरू किया। ग्रुप के आधा दर्जन ठिकानों पर विभागीय टीमें जांच में जुटी हुई हैं।
ग्रुप द्वारा विकसित की जा रही रियल एस्टेट साइट, कार्यालय समेत अन्य स्थानों से टीमों ने दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। संपत्ति की खरीद व बिक्री के लेन-देन की गहन जांच की जा रही है। निवेश से संबंधित दस्तावेज भी विभागीय टीमें खंगालने में जुटी हैं।
आधा दर्जन ठिकानों पर एक साथ की गई कार्रवाई
कंपनी के हाथरस रोड स्थित कार्यालय, एत्मादपुर की रियल एस्टेट साइट, डौकी के कुंडौल स्थित द ग्रांड ग्रीन वैली पर आयकर विभाग की टीमें मंगलवार दोपहर में पहुंच गई थीं। दोपहर करीब तीन बजे से बिल्डर के आधा दर्जन ठिकानों पर विभागीय टीमों ने जांच शुरू की। सभी जगह बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। कर्मचारियों से भी टीमों ने पूछताछ की।
रियल एस्टेट साइट व कार्यालय पर जांच में जुटी टीमें
टीम ने कागजात व डिजिटल रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिए। बैंक लेन-देन और निवेश से संबंधित कागजातों को कब्जे में लेकर टीम जांच में जुटी हैं। ग्रुप ने हाल ही में शहर में कई साइट विकसित की हैं। इनमें आवासीय भूखंड, कांप्लेक्स आदि हैं। जांच टीमों में करीब दो दर्जन आयकर अधिकारी व निरीक्षक शामिल हैं। |