गुरुग्राम रोड पर कंपनी की दो बसों में भीषण टक्कर, 30 कर्मचारी घायल।
संवाद सूत्र, माछरौली। गुरुग्राम रोड स्थित फतेहपुर मोड़ के समीप मंगलवार को कर्मचारियों से भरी निजी कंपनी की दो बसें आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में दोनों बसों में सवार करीब तीस कर्मचारियों को चोटें आई हैं। एक महिला कर्मचारी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, याकूबपुर और फार्रुखनगर के बीच स्थित एक निजी कंपनी की बस झज्जर से कर्मचारियों को लेकर कंपनी जा रही थी। जैसे ही बस फतेहपुर मोड़ पर पहुंची, सामने से आ रही उसी कंपनी की दूसरी बस ने उसे जोरदार टक्कर लग गईं।
दूसरी बस गुरुग्राम और फार्रुखनगर क्षेत्र के कर्मचारियों को लेकर आ रही थी। घायलों के अनुसार, दोनों बसों में करीब 40-40 कर्मचारी सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे के बाद कंपनी की गाड़ियों के माध्यम से घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया। 22 कर्मचारी उपचार के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल पहुंचे, जबकि अन्य को फार्रुखनगर के अस्पताल में दाखिल कराया गया। चिकित्सकों ने पूनम नामक महिला कर्मचारी की नाजुक हालत को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया है। शेष कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
अस्पताल में उपचाराधीन फार्रुखनगर निवासी राज देवी (50) ने बताया कि भिड़ंत के बाद बसों के भीतर चीख-पुकार मच गई थी। गनीमत रही कि अधिकांश सवारियों को हल्की चोटें आईं, हालांकि अगली सीटों पर बैठे लोगों को अधिक धक्का लगा। जाहिदपुर निवासी प्रमिला और सिलाना निवासी लक्ष्मी ने भी बताया कि अचानक हुई टक्कर से किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
घायलों की सूची
नागरिक अस्पताल झज्जर: अंजलि, सतप्रकाश, जसवंत, कविता, रोहित, संगीता, मंजीत, जफरदीन, रमन, निर्मला, संतोष, प्रीति, गीता, राज देवी, प्रमिला, लक्ष्मण, राकेश, वहीद खान, उर्मिला, सचिन, काजल और शेरअलि।
फार्रुखनगर अस्पताल: सतीश, मोहम्मद, महेंद्र, पंकज, अमित और दीपू। |