फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, मथुरा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा बुधवार से शुरू हो रही हैं। जिले में परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकल विहीन कराने के लिए शिक्षा विभाग ने तैयारी कर ली हैं। इस वर्ष 70169 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे, जिनके लिए जिले भर में 119 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
कंट्रोल रूम से होगी सीधी निगरानी, नकल रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम
परीक्षा पर निगाह रखने के लिए प्रशासन ने तकनीकी सुरक्षा पर जोर दिया है। राजकीय इंटर कालेज में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। सभी 119 केंद्रों पर लगे सीसीटीवी को इस कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर सचल दल की तैनाती की गई है। बोर्ड परीक्षा में कुल 70169 छात्र-छात्रा शामिल होंगे। 10वीं में 35188 और 12वीं में 34981 छात्र-छात्रा पंजीकृत हैं।
14 सेक्टर, 119 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए
119 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 11 राजकीय, 73 सहायता प्राप्त, 35 वित्त विहीन विद्यालय हैं। नकल पर नजर रखने को पांच जोनल मजिस्ट्रेट, 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 119 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 119 केंद्र व्यवस्थापक बनाए गए हैं। 5026 कक्ष निरीक्षक बनाए गए हैं, इसमें माध्यमिक विद्यालयों के 3183 और 1843 परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक हैँ। जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा नकल विहीन कराने की तैयारी की गई है। परीक्षा के लिए छात्र-छात्रा समय से पहुंचे। कंट्रोल रूम से परीक्षा पर नजर रखी जाएगी।
कंट्रोल रूप पर की जा सकती हैं शिकायत
परीक्षा से संबंधित शिकायत कंट्रोल रूम पर की जा सकती हैं। 9454457564 पर संपर्क किया जा सकता है। जिले में 42 परीक्षा केंद्र संवेदनशील और 13 अतिसंवेदनशील हैं।
दो पालियों में होंगी परीक्षा
बोर्ड परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में सुबह 8.30 बजे से सुबह 11.45 बजे तक परीक्षा होगी और दूसरी पाली में दोपहर
दो बजे से शाम 5.15 बजे तक परीक्षा होगी। बुधवार को पहली पाली में 10 वीं की हिंदी, प्रारंभिक और दूसरी पाली में 12 वीं की
हिंदी, सामान्य हिंदी की परीक्षा होगी। |