नामचीन कंपनियों पर ईडी की छापामारी से गर्माया रहा माहौल।
संवाद सहयोगी, धौलाना। कस्बे मे पिलखुवा रोड पर स्थित नामचीन कंपनियों पर इडी के छापे की खबर ने मंगलवार को दिनभर अफवाहों का माहौल बना ररहा। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की टीम पहुंचने और कंपनियों के गेट बंद कराकर अंदर जांच चलने से दोपहर से ही क्षेत्र में चर्चा फैल गई कि परिसर में ईडी की टीम पहुंची हैं। जिसके बाद आसपास के उद्योगों और व्यापारियों के बीच तरह-तरह की बातें होने लगीं।
बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने फैक्ट्रियों-कंपनियों के आसपास दिल्ली के वाहनों की आवाजाही देखी। इसके साथ ही कंपनी के अंदर सीआरपीएफ के जवान भी दिखाई दिए । जिसके बाद छापामारी की चर्चा तेज हो गई। चर्चा है कि उक्त कंपनी के देशभर के प्रतिष्ठानों पर ईडी की छापामारी चल रही है। हालांकि देर शाम तक ईडी, जिला प्रशासन या कंपनी-फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।
छापामारी के दौरान कंपनी में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश–निकास पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। सुरक्षा कर्मियों की कड़ी निगरानी में पूरी कार्रवाई चलती रही। सूत्रों का दावा है कि यह कार्रवाई केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर में संचालित यूनिटों के साथ-साथ कंपनी के बोर्ड मेंबरों और सहयोगियों के आवासों तक फैली हुई है।
कंपनी द्वारा अर्जित राजस्व में कथित धांधली से जुड़ी शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर कंपनी की ओर से देर शाम तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। इस संबंध में उपजिलाधिकारी धौलाना मनोज सिंह ने बताया कि छापेमारी की सूचना मिली है, लेकिन अब तक की कार्रवाई का विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया है।
यह भी पढ़ें- हापुड़ में गाजियाबाद के शख्स से लूट: तीन महीने तक पुलिस ने दबाया मामला, अब कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई FIR |