आगरा मेट्रो।
जागरण संवाददाता, आगरा। उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) कानपुर की टीम बुधवार को आगरा आ रही है। टीम एमजी रोड स्थित अवंतीबाई चौराहा से प्रतापपुरा चौराहा के मध्य खोदाई की जांच करेगी।
टीम की रिपोर्ट के बाद ही यूपीएमआरसी द्वारा खोदाई चालू किया जाएगा। एक से दो रिग मशीनों का प्रयोग किया जाएगा। वहीं एलएंडटी पर जुर्माना लगाने के साथ ही कार्रवाई भी चल रही है।
एमजी रोड पर एलीवेटेड मेट्रो ट्रैक का कार्य चल रहा है। वर्तमान में एलएंडटी की तीन शाखाएं कार्य कर रही हैं। एक के पास एमजी रोड, दूसरे के पास मेट्रो ट्रैक और तीसरी शाखा के पास थर्ड रेल लाइन का कार्य है।
14 फरवरी को प्रतापपुरा चौराहा के पास एक रिग मशीन पलट गई थी। इससे मकान मालिक पीके नागर के दो कमरों में रखा सामान नष्ट हो गया था। यूपीएमआरसी द्वारा मुआवजा दिया जा रहा है। अवंतीबाई चौराहा से प्रतापपुरा चौराहा के मध्य कार्य बंद चल रहा है।
बुधवार को कानपुर से टीम आ रही है। टीम दो से तीन घंटे तक जांच करेगी। संबंधित स्थल के अलावा पूरे एमजी रोड का भी सर्वे होगा। यूपीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि टीम की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित हिस्से में कार्य चालू होगा।
अभी दो रिग मशीनों को बंद रखा गया है। वहीं एलएंडटी की दो शाखाओं पर जुर्माना लगाया गया है। इसमें थर्ड रेल लाइन और एमजी रोड पर कार्य कर रही शाखा शामिल है। |