99.97 परसेंटाइल हासिल कर नैतिक शर्मा बने रांची टॉपर
जागरण संवाददाता, रांची। शहर के एस्काट इंटरनेशनल स्कूल हरमू के पासआउट छात्र नैतिक शर्मा ने 99.97 परसेंटाइल हासिल कर रांची टॉपर बनने का तमगा हासिल किया है। नैतिक ब्रदर्स एकेडमी हरमू शाखा में पिछले दो वर्षों से तैयारी कर रहा था। अपने पहले प्रयास में अपेक्षिक सफलता नहीं मिलने के बाद उसने दाेबारा जेईई मेन की परीक्षा देने की ठानी, प्रतिदिन 12 से 13 घंटे तक पढ़ाई करने का प्रतिफल आज सबके सामने है।
मूल रूप से सिमडेगा निवासी नैतिक के पिता गोपाल कुमार प्रसाद बिजनेसमैन हैं जबकि माता श्वेता शर्मा गृहिणी हैं। नैतिक ने बताया कि अब उनका अगला पड़ाव मई महीने में होने वाली जेईई एडवांस की परीक्षा में परचम लहराना है। अपनी तैयारी के बारे नैतिक ने बताया कि पिछले वर्ष तैयारी के दौरान माक टेस्ट और क्वेश्चन साल्व करने से कतराते थे लेकिन शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उसे संबल प्रदान किया और माक टेस्ट देते हुए क्वेश्चन साल्व करने का तौर तरीका बदला और सफलता प्राप्त की।
दूसरे प्रयास यानी ड्राप ईयर में उसने अपनी पढ़ाई का समय बढ़ा दिया। मोबाइल का इस्तेमाल भी अपेक्षाकृत कम कर दिया। दो वर्षों तक कोई मूवी तक नहीं देखी, जिस कारण जिला टापर बनने का श्रेय प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि जेईई मेन के परिणाम के आधार पर उसने कंप्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग करने का लक्ष्य निर्धारित किया था लेकिन ब्रदर्स एकेडमी के शिक्षकों ने उसे जेईई एडवांस में सफलता प्राप्त कर आइआइटी में नामांकन की सलाह दी है। जिसकी तैयारी में वह अभी से जुट गया है।
ब्रदर्स एकेडमी के 375 छात्र छात्राओं ने पाई सफलता
ब्रदर्स एकेडमी के लालपुर और हरमू शाखा के 375 से अधिक छात्र छात्राओं ने जेईई मेन परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। ब्रदर्स एकेडमी के छात्र, जिन्होंने उक्त परीक्षा में 99.5 परसेंटाइल से अधिक प्राप्त किया है, उनमें नैतिक शर्मा 99.97, शिवम 99.94, राजयोग 99.91, सौरव 99.76, मो. अरीब 99.69, सूरज 99.69, रोहित राज 99.63, आदित्य राज 99.60, होजैफा 99.52 परसेंटाइल के साथ अव्वल रहे। छात्रों के झूमते समूह ने एकस्वर में अपनी सफलता का श्रेय एकेडमी के अनुशासित शैक्षणिक परिवेश और शिक्षकों के छात्रों के प्रति समर्पण को दिया है।
सफल छात्र छात्राओं ने कहा शिक्षकों के मार्गदर्शन ने ही हमें सफलता की राह पर खड़ा किया है। सारगर्भित शिक्षण, शिक्षकों का दिशा-निर्देश, उच्चस्तरीय पाठ्यसामग्री, क्विज संचालन और इनका विश्लेषणात्मक मूल्यांकन, संस्थान का उद्देश्य के प्रति समर्पण बहुत उच्च कोटि का है। सिलेबस की समाप्ति के बाद एकेडमी द्वारा संचालित टेस्ट सीरीज बैट्स ने हमारे डर को पूरी तरह समाप्त कर दिया और आइआइटी की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में बहुत मददगार रहा है।
संस्थान के निदेशक पारस अग्रवाल, प्रेम प्रसून और शुभेन्दु शेखर ने कहा एक बार फिर हमारे छात्रों की सफलता ने एकेडमी का गौरव बढ़ाया है। निदेशक ने कहा जेईई एडवांस परीक्षा में भी इन छात्रों से विशिष्ट प्रदर्शन अपेक्षित है, क्योंकि बच्चों ने पूरे वर्ष जी-तोड़ मेहनत कर अपनी क्षमता को निखारा है। सफलता परीक्षा के दिन नहीं बल्कि तैयारी के दौरान गढ़ी जाती है। निदेशकों ने छात्रों की सफलता पर बधाई देते आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
द पाठशाला रांची के छात्रों का रहा शानदार प्रदर्शन
रांची स्थित द पाठशाला रांची ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता की परंपरा को कायम रखते हुए जेईई मेन 2026 (सेशन 1) में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। संस्थान के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रांची सहित पूरे झारखंड का मान बढ़ाया है। संस्थान के छात्र धैर्य सिंह ने 99.72 परसेंटाइल प्राप्त कर रांची सिटी टापर की सूची में स्थान बनाई है।
संस्थान के अन्य प्रमुख सफल छात्र-छात्राओं में बीनू 97.77, हर्षित कुमार 99.62, आकर्ष सौरभ 99.15, चरण प्रकाश 98.75, आयुष आरव 98.37, वैष्णवी 96.66, ज्ञानशी शंकर 95.65 परसेंटाइल के साथ अव्वल रहे। संस्थान के निदेशक शिवशंकर कुमार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते कहा यह परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं संस्थान के सुनियोजित शैक्षणिक मार्गदर्शन का प्रतिफल है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी सत्रों में भी छात्र-छात्राएं और बेहतर प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन करेंगे। बता दें कि द पाठशाला रांची विगत वर्षों से जेईई एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम देता आ रहा है और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। |
|