सहरसा सिर कटी लाश का मामला सुलझा, प्रेम प्रसंग में प्रेमिका के भाई ने की थी हत्या
जागरण संवाददाता, सहरसा। सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के सुरसर नदी किनारे बीते दिनों एक युवक का धड़ से अलग सिर कटा शव मिला था। मामले का 72 घंटे में उद्भेदन करते हुए पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेम प्रसंग में नाराज प्रेमिका के स्वजन द्वारा घटना को अंजाम दिया गया था। प्रेमिका के स्वजन ने शादी का झांसा देकर लड़के को बैंगलोर से सहरसा बुलाया था।
उसे सहरसा स्टेशन से प्रेमिका के भाई अन्य दो सहयोगी के साथ लेकर सुरसर नदी किनारे सुनसान जगह पर ले गया। वहां युवक के सिर में गोली मारने के बाद धड़ से सिर काटकर अलग कर दिया था। सिर काटने की यह घटना काफी चर्चित थी।
घटना के संबंध में एसपी हिमांशु ने बताया कि सिर काटने की घटना बाद शव की पहचान डरहार थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई थी। घटना के बाद मामला दर्ज कर स्पेशल टीम गठित किया गया था।
टीम ने मामले का उद्भेदन करते हुए एक आरोपित सदर थाना क्षेत्र के जरसैन निवासी दर्शन यादव को साक्ष्य के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
बैजनाथपुर में साजिश, सोनवर्षा राज में हत्या; नवहट्टा का मृतक
पूछताछ में युवक ने बताया कि उसका दोस्त बैजनाथपुर थाना के खजूरी का रहने वाला वीरबल है। दवा दुकान पर साथ काम करने के दौरान वीरबल, दर्शन और मृतक राजेश के बीच गहरी दोस्ती हो गई थी।
वीरबल की शादीशुदा बहन का प्रेम प्रसंग चार वर्ष से नवहट्टा प्रखंड के डरहार थाना अंतर्गत सत्तौर नारायणपुर के युवक राजेश से चल रहा था। इस बात से परिवार के लोग नाराज थे। राजेश कुमार बैंगलोर स्थित एक कंपनी में मजदूर सप्लाई का काम करता था।
बहन से कराया फोन
वीरबल अपनी शादीशुदा बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज था। शादी के बाद उसकी बहन से राजेश की बात होती थी। इस बात को लेकर बहन का पति उसके साथ मारपीट करता था। बाद में उसकी बहन खजूरी आकर रहने लगी थी। राजेश शादीशुदा प्रेमिका से शादी करने को तैयार था।
वीरबल की बहन भी शादी को लेकर तैयारी थी। यह बात वीरबल को नागवार गुजर रही थी। उसने अपनी बहन से राजेश को फोन करवाया और शादी करवाने का झांसा दिया। शादी कराने के झांसे में राजेश आ गया।
सहरसा स्टेशन से किया गया था रिसीव
गिरफ्तार दर्शन ने बताया कि 11 फरवरी की संध्या सहरसा स्टेशन पहुंचते ही उसे वीरबल और दर्शन बाइक से लेकर चला गया। उसे खाना खिलाने के बहाने ले गया। खाना खिलाने के बाद पहले से तय था कि जंगल से उसे लेकर जाएगा। जंगल में वीरबल ने उसके सिर में गोली मार दी।
इसके बाद धारदार चाकू से उसका सिर काट कर घटनास्थल से लगभग आधा किलोमीटर दूर फेंक दिया। 12 फरवरी को सोनवर्षा राज थाना अंतर्गत देहद पंचायत के पदमपुर मौजा में सुरसर नदी किनारे से धड़ बरामद किया गया था।
मृतक राजेश के मोबाइल से खोला राज
बरामद शव के पास कोई सामान बरामद नहीं हुआ था। शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने मृतक राजेश कुमार के मोबाइल की जांच शुरू की। पता चला कि 06 फरवरी से वो लगातार एक महिला से बात कर रहा था।
11 फरवरी की रात मृतक, उसकी प्रेमिका और प्रेमिका के भाई का मोबाइल एक ही टावर में सक्रिय था। इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ायी और महिला से पूछताछ की। इसके बाद जरसैन के दर्शन का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे दबोचा तो हत्या की पूरी वारदात सामने आ गई।
सीन कराया रिक्रियेट
पुलिस ने गिरफ्तार युवक के घर से घटना में प्रयुक्त एक कट्टा, कारतूस व मोटरसाइकिल किया है। वहीं गिरफ्तार आरोपित को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएट कराया गया। घटनास्थल के बगल में गेहूं के खेत से घटना में प्रयुक्त खून लगा हुआ चाकू और एक खोखा बरामद हुआ। पूछताछ के बाद अन्य दो सहयोगियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
इस टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश ठाकुर, साइबर पुलिस उपाधीक्षक अजीत कुमार, अंचल निरीक्षक सिमरी बख्तियारपुर, सोनवर्षा राज थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी, पुलिस पदाधिकारी राकेश कुमार शर्मा, जिला आसूचना इकाई के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल शामिल थे। |
|