दिल्ली चिड़ियाघर से पशुओं को गोद लिया जा सकेगा। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में मार्च से एक नई पहल शुरू होने जा रही है। अब लोग अपना जन्मदिन, विवाह की वर्षगांठ या कोई भी खास अवसर चिड़ियाघर के वन्यजीव को एक दिन के लिए गोद लेकर मना सकेंगे। इस वन-डे एनिमल एडाप्शन योजना के तहत 500 रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक की राशि निर्धारित की गई है।
चिड़ियाघर के निदेशक डॉ. संजीत कुमार ने बताया कि अल्पकालिक पशु गोद लेने के प्रस्ताव को इस माह के अंत तक मंजूरी मिलने की संभावना है और इसे मार्च में लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक दिन के लिए गोद लेने की दर संबंधित पशु की वार्षिक गोद लेने की राशि के आधार पर तय की गई है।
पशुओं को गोद लेने के लिए कितना शुल्क लगेगा?
संशोधित दरों के अनुसार, चित्तीदार हिरण, जिसकी वार्षिक गोद लेने की दर 18 हजार रुपये है, उसे एक दिन के लिए 500 रुपये में गोद लिया जा सकेगा। इसी प्रकार 45 हजार रुपये वार्षिक दर वाले भालू को भी 500 रुपये में एक दिन के लिए अपनाया जा सकेगा। वहीं बाघ, जिसकी वार्षिक गोद लेने की दर छह लाख रुपये है, उसे एक दिन के लिए लगभग 50 हजार रुपये में गोद लिया जा सकेगा।
ऑनलाइन गोद लेने का भी मिलेगा मौका
निदेशक ने बताया कि इस योजना में ऑनलाइन गोद लेने का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि जो लोग पूरे वर्ष के लिए किसी पशु को गोद नहीं ले सकते, वे भी इस पहल से जुड़ सकें। उनका कहना है कि इससे आम लोगों की भागीदारी बढ़ेगी, चिड़ियाघर में आगंतुकों की संख्या में इजाफा होगा और अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त होगा।
योजना के तहत गोद लेने वाले व्यक्ति द्वारा दी गई राशि का उपयोग संबंधित पशु के भोजन और दैनिक देखभाल पर किया जाएगा। चुने गए पैकेज के अनुसार गोद लेने वालों को प्रमाणपत्र और स्मृति-चित्र भी दिए जाएंगे।
चिड़ियाघर प्रशासन मुख्य प्रवेश द्वार पर एक डिजिटल स्क्रीन लगाने की भी तैयारी कर रहा है, जिसमें गोद लेने के विकल्पों और चिड़ियाघर में मौजूद पशुओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही वर्तमान में अपेक्षाकृत लंबी गोद लेने की प्रक्रिया को सरल बनाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें। |