तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
संवाद सूत्र, डिड़ई, (सिद्धार्थनगर)। 16 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे में छत की कुंडी से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा शव को नीचे उतरवाकर जांच-पड़ताल शुरू की। मृतका की पहचान शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के ग्राम करमहिया में निवासी राम शंकर प्रजापति के पुत्री खुशबू के रूप में हुई है।
स्वजन के अनुसार, किशोरी रात में खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। सुबह करीब आठ बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली और दरवाजा अंदर से बंद रहा, तो स्वजन ने आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो किशोरी का शव छत की कुंडी से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में तांबा पीतल के बर्तन महंगे, शादी विवाह में खरीदारी प्रभावित
फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और स्वजन गहरे सदमे में हैं। गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। |