महिला की शिकायत पर पति के बहनाई पर केस दर्ज। फोटो: सांकेतिक
केशव त्यागी , हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की विवाहिता के साथ उसके ननदोई ने अश्लीलता की। शिकायत पर अपने बहनोई के खिलाफ कार्रवाई के बजाय पति ने पत्नी को ही बेरहमी से पीट दिया। काफी समय से ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए विवाहिता का उत्पीड़न करते आ रहे हैं।
मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या का प्रयास भी किया गया। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकाल दिया। मामले में एसपी के आदेश पर महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में नगर के एक मोहल्ले की विवाहिता ने बताया कि 12 दिसंबर 2023 को उसका निकाह जिला गाजियाबाद के मुरादनगर के शहजाद के साथ हुआ था।
निकाह के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य अतिरिक्त दहेज में कार व रुपयों की मांग करने लगे। मांग पूरी ने होने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। नदोई उस पर गलत नजर रखता था और मौका मिलने पर छेड़छाड़ व अश्लील टिप्पणियां करता था।
18 मार्च 2024 को पति के घर पर न होने के दौरान आरोपित ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर मारपीट की गई। जब उसने घटना की जानकारी पति को दी तो उसने आरोपित के खिलाफ कार्रवाई के बजाए उसे ही बेरहमी से पीटा। 28 जून 2025 को ससुराल पक्ष के लोगों ने गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया।
किसी तरह पीड़िता ने अपनी जान बचाई। इसके बाद मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। तब से पीड़िता अपने मायके में रह रही है और न्याय के लिए भटक रही है।
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि महिला थाना में विवाहिता के पति शहजाद, सास आमना, देवर साहिल, जेठ जमील, जेठानी जीनत, ननद शहनाज, ननदोई शकील के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें- हापुड़ में टूरिस्ट बस रुकवाकर चालक-क्लीनर पर लाठी-रॉड से जानलेवा हमला, तीन नामजद समेत पांच पर FIR दर्ज |
|