राज्य सरकार सतत व्यवसायिक विकास (सीपीडी) कार्यक्रम करेगी शुरू। सांकेतिक तस्वीर
अशोक केडियाल, देहरादून। प्रदेश के शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआइ) में दक्ष बनाने के लिए राज्य सरकार सतत व्यवसायिक विकास (सीपीडी) कार्यक्रम विकसित करेगी। इसका उद्देश्य उन्नत डिजिटल तकनीक से शिक्षकों को लैस करते हुए कक्षा शिक्षण को एआइ आधारित नवाचारों से जोड़ना है, ताकि छात्रों के अधिगम परिणामों में सुधार लाया जा सके।
एससीईआरटी के अनुसार, भविष्य की शिक्षा प्रणाली में एआइ की बढ़ती भूमिका को देखते हुए राज्य स्तर पर एक समग्र रणनीति तैयार की जा रही है। इसके तहत शिक्षकों को डिजिटल प्रशिक्षण माड्यूल, आनलाइन प्लेटफार्म और इंटरेक्टिव टूल्स के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में एआइ के बुनियादी सिद्धांत, डेटा आधारित शिक्षण, व्यक्तिगत अधिगम (पर्सनलाइज्ड लर्निंग) और मूल्यांकन विश्लेषण जैसे विषय शामिल होंगे।
राज्य में सीपीडी कार्यक्रम राष्ट्रीय माडल पर आधारित
एससीईआरटी एआइ संकाय के वरिष्ठ शिक्षक रमेश बडोनी ने बताया कि हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के एआइ कार्यक्रम में सामने आई चुनौतियों और समाधान के आधार पर राज्य में ये पहल लागू की जाएंगी।
एआइ आधारित शिक्षण उपकरणों का चरणबद्ध तरीके से परीक्षण किया जाएगा और सफल माडलों को राज्यभर में लागू किया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय एआइ ढांचे के अनुरूप राज्य विशिष्ट कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार नवाचारों को अपनाया जा सके।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान: किरायेदार, डिलीवरी एजेंट और संदिग्धों पर होगी कड़ी नजर
स्कूलों में डाटा आधारित निर्णय प्रणाली होगी शुरू
राज्य के 13, 825 राजकीय विद्यालयों में एआइ न केवल शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाएगा, बल्कि शिक्षकों के कार्यभार को भी संतुलित करेगा। इससे छात्रों की सीखने की गति और उनकी समझ के स्तर के अनुसार सामग्री उपलब्ध कराई जा सकेगी। आने वाले समय में डिजिटल कक्षाओं, स्मार्ट कंटेंट और डेटा आधारित निर्णय प्रणाली को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
राज्य में एआइ शिक्षकों के सशक्तिकरण काे जरूरी: निदेशक
उत्तराखंड अकादमी शोध एवं प्रशिक्षण निदेशक बंदना गर्ब्याल ने कहा कि दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत बोधन एआइ कान्क्लेव, 2026 में भारत की एआइ नीति को समावेशी, इंटर आपरेबल और आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया। एआइ को शिक्षकों के सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बनाने का संकल्प भी लिया गया। राज्य में एससीईआरटी के विभिन्न डिजीटल प्रशिक्षणों में अभी तक 54 हजार में से 49 हजार शिक्षक प्रशिक्षण ले चुके हैं।
‘राज्य में सीपीडी कार्यक्रम के माध्यम से एआइ आधारित नवाचारों काे बढ़ाया जाएगा इनमें आधारभूत साक्षरता, अनुकूलन आधारित शिक्षण, बहुभाषी प्लेटफार्म और मूल्यांकन प्रणालियां शामिल की जाएंगी। इससे राज्य के छात्रों को लाभ मिलेगा।’ -
- रविनाथ रामन स्कूल शिक्षा सचिव |