LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 163
बीएनपी ने हासिल किया प्रचंड बहुमत (फोटो- रॉयटर्स)
पीटीआई, ढाका। बांग्लादेश में हालिया संपन्न संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) को लगभग 50 प्रतिशत वोट मिले। बीएनपी ने इस चुनाव में दो तिहाई बहुमत से सत्ता हासिल की है। पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी को 297 सीटों में से 209 सीटें मिली हैं।
बीएनपी की पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी को लगभग 32 प्रतिशत वोट मिले हैं और वह मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी है।
निर्दलीय उम्मीदवारों का वोट प्रतिशत
चुनाव आयोग के प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि स्वतंत्र उम्मीदवारों को 5.79 प्रतिशत वोट मिले, जबकि अन्य राजनीतिक दल काफी पीछे रह गए। दक्षिणपंथी जमात-ए-इस्लामी ने 1971 में पाकिस्तान से देश की स्वतंत्रता का विरोध किया था। इसने 68 सीटें जीतकर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।
नेशनल सिटीजन को सिर्फ छह सीटें
2024 में तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ आंदोलन करने वाले छात्रों द्वारा गठित नेशनल सिटीजन पार्टी को केवल छह सीटें मिलीं और उसे तीन प्रतिशत वोट प्राप्त हुए।
मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने शेख हसीना की अवामी लीग को पिछले साल भंग कर दिया था और पार्टी के चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी थी। इस प्रकार देश का पारंपरिक चुनावी परि²श्य ही बदल गया। निर्वाचन आयोग के अनुसार, संसदीय चुनाव में 59.44 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
नारायणगंज में बीएनपी दफ्तर को आग के हवाले किया
12 फरवरी को हुए आम चुनाव में भारी जीत के बाद नारायणगंज जिले में बीएनपी के एक स्थानीय कार्यालय में आग लगा दी गई। रूपगंज पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी शब्जेल हुसैन ने बताया कि यह घटना शनिवार तड़के लगभग 3.45 बजे घटी।
अज्ञात बदमाशों ने खिड़की तोड़कर पेट्रोल या इसी तरह का कोई पदार्थ अंदर फेंका और आग लगा दी। पुलिस ने दो लोगों को संदिग्ध के रूप में पहचाना है और जांच अभी जारी है। बीएनपी के उपजिला महासचिव बशीरुद्दीन बच्चू ने कहा कि इस हमले के पीछे प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दलों का हाथ हो सकता है।
यह भी पढ़ें- क्या बांग्लादेश के राष्ट्रपति बनेंगे मोहम्मद यूनुस? अंतरिम प्रशासन के मुख्य सलाहकार की नई भूमिका पर संशय
यह भी पढ़ें- \“भारत के साथ नए सिरे से रिश्ते शुरू करना चाहता है बांग्लादेश\“, तारिक रहमान के सलाहकार का बड़ा बयान |
|