search

देहरादून में महाशिवरात्रि की धूम: मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़, गूंजा हर-हर महादेव

cy520520 Yesterday 21:57 views 632
  

शिवरात्रि के अवसर पर टपकेश्वर महादेव मंदिर पर जल चढ़ाते श्रद्धालु जागरण



जागरण संवाददाता, देहरादून। भोलेनाथ की भक्ति में श्रद्धालु, चारों ओर हर-हर महादेव की जयकार, महामृत्युंजय मंत्र का पाठ करते पंडित, जलाभिषेक को लगी लंबी कतार फिर भी मन में आस्था का भाव रख इंतजार करते श्रद्धालु।

आस्था व विश्वास के प्रतीक महाशिवरात्रि पर द्रोणनगरी के शिवालयों में रविवार को कुछ इसी तरह का नजारा दिखने को मिला। भोर से ही शिवभक्ति में लीन श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक कर उन्हें बेलपत्र, भांग, दूध, धतूरा आदि का भोग लगाया।

विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक, धार्मिक व व्यापारिक संगठनों की ओर से हलवा, दूध, फल, जूस के प्रसाद के काउंटर लगाकर सेवा की गई। श्री महाकाल सेवा समिति के संरक्षक सुभाष जोशी ने दिला राम बाजार में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद वितरित किया।
श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर में लगी आधा किलोमीटर लंबी लाइन

गढ़ी कैंट स्थित ऐतिहासिक श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर में मंदिर के श्री 108 महंत कृष्णा गिरी महाराज व दिगंबर भरत गिरी के सानिध्य में अभिषेक के बाद श्रद्धालुओं के लिए कपाट खोले गए। मध्यरात्रि से ही जलाभिषेक के लिए घंटों तक श्रद्धालु लाइन लगाकर इंतजार करते रहे।

जैसे-जैसे दिन निकलता गया, मंदिरों में भीड़ बढ़ती गई। कई बार दो और तीन लाइन के बाद भी तकरीबन आधा किलोमीटर से अधिक लंबी लाइन में इंतजार करते रहे।

भीड़ में व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस के साथ ही तकरीबन 400 सेवादार जुटे रहे। शाम को मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का शृंगार व आरती हुई।

इसके अलावा जंगम शिवालय पलटन बाजार, कमलेश्वर महादेव मंदिर जीएमएस रोड, प्राचीन शिव मंदिर धर्मपुर, धोलेश्वर महादेव मंदिर ग्राम धोलास, शिव मंदिर राजपुर रोड, सनातन धर्म मंदिर प्रेमनगर, शिव मंदिर रायपुर रोड, शिव शक्ति मंदिर सरस्वती विहार, सिद्धेश्वर महादेव मंदिर कान्वेंट रोड समेत शहर के विभिन्न मंदिरों में शृंगार कर शिव पूजा हुई।
फूलों से किया श्री पृथ्वीनाथ महादेव का शृंगार

सहारनपुर चौक स्थित पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं को हरिद्वार से लाया गंगाजल उपलब्ध कराया गया। यहां भी जलाभिषेक को कांवड यात्री व श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगी रही। 551 किलो दूध प्रसाद के रूप में वितरित किया।

वहीं शाम को हरिद्वार से लाए गए फूलों से पृथ्वीनाथ महादेव का भव्य शृंगार व सामूहिक आरती हुई। मध्यरात्रि में भस्म आरती में काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शिव तांडव से कलाकारों ने किया मंत्रमुग्ध

बाबा के दीवाने सामाजिक संस्था की ओर से बिंदाल पुल स्थित शनि मंदिर के पास 12वां वार्षिक भंडारा व महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया।

कलाकारों ने शिव विवाह, शिव तांडव नृत्य की प्रस्तुति दी। भस्म आरती विशेष रही। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष अरुण मारवाह, इशांत वाधवा, धीरज, रवि सूरी, राकेश सेठी, अंकित, हिमांशु आदि रहे।
पंचाक्षर मंत्र ॐ नमः शिवाय का किया जाप

गढ़ी कैंट स्थित माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर में दिनभर पंचाक्षर मंत्र ॐ नमः शिवाय का जाप कर विश्व शांति, देश के चहुंमुखी विकास व राज्य की सुख शांति की कामना की।

पूर्व मुख्यमंत्री व महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल पद्मभूषण भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने भी मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर के संस्थापक डा. बिपिन जोशी ने कहा कि एक लोटा जल और विल्व पत्र चढ़ाने मात्र से देवाधिदेव महादेव प्रसन्न हो जाते हैं।

वहीं, ग्राम धोलास स्थित धोलेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया गया। वहीं, महिला भजन मंडली ने प्रस्तुति दी।
भोलेनाथ के भजनों पर झूमे लोग

पटेलनगर स्थित श्री श्याम सुंदर मंदिर में भजन गायक तेजेन्द्र हरजाई व टीम ने भजन सुनाकर शिव भक्ति से ओत प्रोत किया। भोलेनाथ के भजनों पर लोग झूमे।

इस मौके पर प्रधान अवतार मुनियाल, मनोज सूरी, यशपाल मग्गो, राजू गोलानी, रूपेश सूरी, गुलशन नंदा, मनीष भाटिया, प्रेम टुटेजा, विनोद कपूर, मनिंदर पाल कपूर, पार्षद डाली रानी मोहन आदि मौजूद रहे।

इधर, विश्व जागृति मिशन के टर्नर रोड स्थित शिवालिक धाम आश्रम में भोलेनाथ का रुद्राभिषेक और भजन कीर्तन किया गया।
शिव बरात में झांकियों ने मोहा मन

हरि मंदिर समिति डीएल रोड की ओर से शिव बरात और शिव विवाह भक्तिभाव से मनाया गया। सर्वे चौक से शुरू हई शिव बरात करनपुर होते हुए हरि मंदिर पहुंची। विभिन्न झांकियों ने मन मोहा। इसके बाद डमरू आरती हुई।

इस मौके पर मनोज धवन, अतुल गंभीर, बीबी आनंद, अमित अग्रवाल आदि मौजूद रहे। वहीं, सनातन धर्म मंदिर नेहरू कालोनी में टपकेश्वर महादेव डमरू मंडल ने डमरू आरती की। दो घंटे तक चली आरती में काफी लोग उमड़े। इस मौके पर अर्जुन श्रीवास्तव, मंदिर के प्रधान शिव कुमार तोमर, बीके छतवाल, एसके त्यागी, अलका दत्ता, बीना तनेजा आदि मौजूद रहे।
प्राचीन शिव मंदिर में भक्तों ने किया महायज्ञ

नवादा स्थित प्रचीन शिव मंदिर में क्षेत्रवासियों ने आठ क्विंटल हवन सामग्री से महायज्ञ किया। सुबह 10 बजे शुरू हुआ महायत्र 10 घंटे तक चला।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि यह मंदिर रानी पद्मावती द्वारा बनवाया गया था। कुछ भक्त पिछले 17 वर्षों से लगातार अलग-अलग स्थान पर जनकल्याण के लिए यह महायज्ञ करते हैं। इस मौके पर मुनीश राणा, जितेंद्र सिंह, आदेश मंगल, आलोक गोयल, प्रवीण गुप्ता, विवांश गुप्ता, पवन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
टपकेश्वर, रायपुर व प्रेमनगर में मेले का भी उठाया आनंद

श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में तकरीबन दो हफ्ते तक चलने वाला मेला शुरू हो गया है। इसके अलावा प्रेमनगर के दशहरा ग्राउंड व रायपुर रोड पर भी मेला लगाया गया। मेले में बच्चे, युवा, महिलाओं ने खूब खरीदारी की। बच्चों ने जहां झूला, ड्रेगन में बैठ लुत्फ उठाया। वहीं, लोगों ने विभिन्न स्टाल पर व्यंजनों का आनंद भी लिया।

यह भी पढ़ें- महाशिवरात्रि पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का जनसमुद्र, तस्वीरों में देखें गंगा स्नान और शिव बरात का दिव्य नजारा

यह भी पढ़ें- हरिद्वार में महाशिवरात्रि की धूम: मध्यरात्रि में हुई महाआरती, हरकी पैड़ी पर भक्तों की भीड़
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
158100