search

ओडिशा के भद्रक में श्मशान घाट से गायब हुए 5 शव, गांव में दहशत का माहौल

deltin33 Yesterday 21:26 views 992
  

श्मशान घाट से पांच शव गायब। (AI Generated Image)



संवाद सूत्र, अनुगुल। ओडिशा के भद्रक जिला के भंडारीपोखरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मणिनाथपुर गांव में स्थित स्वर्गद्वार श्मशान घाट से पांच शवों के रहस्यमय तरीके से गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

बैतरणी नदी किनारे बने इस दाह/दफनस्थल पर हाल के दो महीनों में अंतिम संस्कार किए गए शवों के अवशेष नहीं मिलने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है।

भंडारिपोखरी पुलिस स्टेशन की प्रभारी निरीक्षक (आईआईसी) राजलक्ष्मी नायक ने कहा कि मुझे रविवार को मणिनाथपुर गांव के ग्रामीणों से गांव के श्मशान घाट से पांच शवों के लापता होने की शिकायत मिली है।

ग्रामीणों के अनुसार, जब परिजन पारंपरिक अनुष्ठान के लिए श्मशान स्थल पहुंचे तो कई स्थानों पर जमीन खोदी हुई मिली। जांच करने पर पता चला कि वहां दफनाए गए पांच शव गायब हैं।

लापता मृतकों की पहचान खगेश्वर सामल, हताबंधु बैरिया, कार्तिक नायक, सरस्वती बेहेरा और कलांदी बेहेरा के रूप में हुई है। इन सभी का अंतिम संस्कार पिछले दो महीनों में इसी स्वर्गद्वार श्मशान घाट में किया गया था।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2016 में एक बच्चे का शव दो महीने बाद खोदी गई अवस्था में मिला था। उसी वर्ष अनाम बेहेरा के शव से भी छेड़छाड़ की बात सामने आई थी। वर्ष 2017 में बसंत दास और प्रधानाध्यापक बसुदेव दास के शव भी कथित रूप से गायब पाए गए थे।

जून 2023 में तीन अन्य शवों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। अप्रैल 2025 में रुक्मिणी सामल की मृत्यु के दस दिन बाद परिजन जब श्मशान पहुंचे तो उनकी दफनाई गई जगह भी खोदी हुई मिली थी।

श्मशान परिसर में कई स्थानों पर पानी और शराब की बोतलें पड़ी मिली हैं। करीब 200 मीटर दूर सड़े-गले मांस के टुकड़े और कपड़ों के अवशेष पाए गए, जिससे ग्रामीणों की आशंकाएं और गहरा गई हैं। गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस ने किसी विशेष कारण की पुष्टि नहीं की है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए भद्रक के पुलिस अधीक्षक मनोज राउत ने भंडारीपोखरी थाना प्रभारी को विस्तृत जांच कर शीघ्र रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और श्मशान घाट की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा होगी।

लगातार सामने आ रही घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने रात में गश्त बढ़ाने और स्थल की सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
471617