जल जीवन मिशन के तहत बनी टंकी से बह रहा पानी। जागरण
जागरण संवाददाता, महाेबा। जल जीवन मिशन की बदहाली अब खुलकर सामने आ गई है। भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत और जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के बीच 30 जनवरी को हुई झड़प की गर्माहट भले शांत हो गई हो, पर योजना की बदहाली की पोल खुल गई। जैतपुर ब्लाक के नागराडांग गांव में 65 लाख रुपये खर्च कर बनी टंकी में पानी भरते ही दरारें पड़ गईं। पूरा पानी बह गया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित होने के बाद अधिकारी लीपापोती कर रहे हैं। एडीएम नमामि गंगे ने बताया कि जल्द ही खामी को दुरुस्त कर समस्या का समाधान करा लिया जाएगा।
जिले में करीब 900 करोड़ की लागत से जल जीवन मिशन योजना का काम कराया जा रहा है। पहले योजना 2024 में पूरी होनी थी, लेकिन अब इसे 2026 तक बढ़ा दिया गया है। कई गांवों में पानी के पाइप तो डाल दिए गए, लेकिन पानी नहीं पहुंचा। कई गांवों में पाइपलाइन डालते समय खोदी गई सड़कों की मरम्मत भी नहीं हुई है। हालांकि अधिकारी सबकुछ ठीक होने का दावा कर रहे हैं। इस बीच 30 जनवरी को चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने समर्थक प्रधानों को लेकर मंत्री स्वतंत्रदेव का रास्ता रोक लिया था और जल जीवन मिशन की कमियां गिनाई थीं। इसे लेकर खूब राजनीतिक बयानबाजी हुई थी।
विकासखंड जैतपुर की ग्राम पंचायत नगाराडांग की प्रधान गायत्री ने बताया कि जल जीवन मिशन की करीब 26151 लाख की धवर्रा सिजवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत हर घर जल पहुंचाने के लिए गांव में 2025 में पानी की टंकी का निर्माण पूरा हुआ। कार्यदायी संस्था एससीएलएसएमसीजेवी ने करीब 65 लाख की लागत से टंकी बनाई। इसके बनने के बाद 13 फरवरी को इसमें पानी भरा गया।
14 फरवरी की शाम पानी की टंकी कुछ जगहों से फट गई (दरारें आईं)। जिससे हजारों लीटर पानी बहकर बर्बाद हो रहा है। प्रधान का कहना है कि शासन के धन का दुरुपयोग कर टंकी निर्माण में मनमानी की गई। उन्होंने इसकी जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं ग्रामीणों में भी इसे लेकर रोष देखा जा रहा है।
एडीएम नमामि गंगे मोइनुल इस्लाम का कहना है मौके पर टीम भेजी गई है। जो भी खामी आई है उसे दुरुस्त कराया जा रहा है। जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।
जल जीवन मिशन की बदहाली को लेकर ही मैं लड़ाई लड़ रहा हूं। भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ ही मेरा संघर्ष है। धरातल पर बेहतर काम हो और हर घर नल योजना के तहत सभी घरों में पानी पहुंचे यही मैं चाहता हूं। टंकी दरकने वाला वीडियो मैंने भी देखा है। इसमें जो भी दोषी हों उन पर कार्रवाई होनी जानी चाहिए।
- बृजभूषण राजपूत, भाजपा विधायक, चरखारी। |
|