इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, कुशेश्वस्थान (दरभंगा) । अंचल क्षेत्र के चातर गांव में शनिवार की देर रात अगलगी की घटना में पांच घर जलकर राख हो गए। इस घटना में दो महिलाएं झुलस गई, जबकि आधा दर्जन बकरियां आग में जलकर मर गई।
ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।जानकारी के अनुसार मो. इसराइल के परिवार के लोगों ने शनिवार की रात अपने आंगन में अलाव जलाकर तापने के बाद सोने चले गए। रात करीब 11.30 बजे अलाव से निकली चिंगारी से उनके घर में आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर मो. हैदर, मो. सुल्तान, मो. अशराफ एवं मो. निशाबुल के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। गांव के डिहवार स्थान पर चल रहे नवाह यज्ञ में जुटे लोगों ने आग की लपटें देखकर तत्काल मौके पर पहुंचकर अपने संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक सभी घर पूरी तरह जल चुके थे। इस घटना में मो. इसराइल और मो. हैदर की पत्नी झुलस गईं, जिन्हें स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार कराया गया। वहीं इसराइल, हैदर और सुल्तान की छह बकरियां आग में जलकर मर गई।
सुप्तावस्था में अचानक लगी आग के कारण पीड़ित परिवार अपने घरों से कोई सामान नहीं निकाल सके। जिससे घर में रखे अनाज, कपड़े, जेवरात, महत्वपूर्ण कागजात सहित सभी घरेलू सामान जलकर खाक हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पंचायत के मुखिया विमल चंद्र खां, पंचायत समिति सदस्य लाल बाबू शर्मा एवं पंचायत सचिव राजा अंकेश विनायक चातर गांव पहुंचे और क्षति का आकलन किया।
मुखिया विमल चंद्र खां ने अपनी ओर से पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता के रूप में 500-500 रुपये दिए तथा सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
इस संबंध में सीओ राकेश सिंह यादव ने बताया कि अगलगी की सूचना मिलने पर पंचायत सचिव को घटनास्थल पर भेजकर क्षति का आकलन कर रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सभी सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। |