search

गुरुग्राम में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट, पांच किलो चांदी और 35 हजार की नकदी लेकर भागे बदमाश

Chikheang 5 hour(s) ago views 386
  

खांडसा मार्केट में ज्वेलरी दुकान में घुसकर हथियार के बल पर लूटपाट करते बदमाश सीसीटीवी में हुए कैद। सौ. दुकान संचालक



जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। बदमाशों में गुरुग्राम पुलिस का इकबाल खत्म होता जा रहा है। शहर में बीते चार दिनों में यह दूसरी बार है, जब बदमाशों ने किसी ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया है। चार दिन पहले गढ़ी हरसरु गांव स्थित एक ज्वेलरी शॉप में बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

वहीं अब शहर के सेक्टर 37 थाना क्षेत्र के खांडसा मार्केट स्थित एक ज्वेलरी दुकान से तीन हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूटपाट की। हेलमेट और गमछा बांधकर तीन बदमाश घुसे। छह मिनट तक वारदात को अंजाम देने के बाद दो बदमाश पांच किलो चांदी और 35 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए, जबकि एक बदमाश को दुकान संचालक ने हिम्मत दिखाकर पकड़ लिया।

  

घटना के 24 घंटे बीतने के बाद भी गुरुग्राम पुलिस न तो दो अन्य बदमाशों को पकड़ सकी है और न ही माल की बरामदगी हो सकी है। खांडसा मार्केट स्थित खयाल ज्वेलरी शॉप के संचालक बबलू शाह ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार के पश्चिमी चंपारण के रहने वाले हैं। उन्होंने गुरुग्राम के खांडसा मार्केट में बालाजी मंदिर के पास बिल्डिंग के प्रथम तल पर पांच सालों से ज्वेलरी शॉप की हुई है।

पुलिस को दी शिकायत में कहा कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे तीन व्यक्ति दुकान में आए। इनमें से एक व्यक्ति ने हाथ में लिए हुए पिस्टल को दिखाकर इसको जान से मारने की धमकी दी और लूटपाट कर फरार हो गए। यह सारी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। इसमें दिख रहा है कि एक के बाद एक तीन युवक दुकान में आए।

उन्होंने आते ही शटर बंद कर दिया। दो बदमाशों ने हेलमेट लगा रखा था और एक ने गमछा बांध रखा था। एक के पास के पिस्टल, दूसरे के हाथ में हथौड़ी और तीसरे बदमाश के हाथ में डंडा था। तीनों ने धमकाते हुए दुकान संचालक से अलमारी की चाबी ले ली और उसे साइड में खड़ा कर दिया। इसके बाद करीब पांच मिनट तक वह दुकान में लूटपाट करते हुए। बबलू शाह ने बताया कि जाते समय उन्होंने बाहर से शटर को बंद करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाकर शटर को खोल लिया।
मदद की गुहार, लेकिन कोई नहीं आया आगे

जिस दौरान यह घटना हुई, उस दौरान बाजार में सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे। दुकानदार, रेहड़ी संचालक और खरीदार सब थे। जब तीनों बदमाश लूटपाट कर जीने से नीचे भागे तो बबलू ने चोर-चोर का शोर भी मचाया, लेकिन मदद के लिए आगे कोई नहीं आया। तीनों बदमाश दुकान के सामने वाली गली से भाग रहे थे, बबलू भी उनके पीछे-पीछे भागे।

करीब 100 मीटर दूर खड़ी बाइक से दो बदमाश तो माल के साथ भाग निकले, लेकिन एक बदमाश को बबलू ने पकड़ लिया। दोनों में काफी देर तक मारपीट भी गली में होती रही। जिस बदमाश को पकड़ा था, उसके हाथ में पिस्टल भी थी। डर के कारण कोई भी व्यक्ति उसे पकड़ने के लिए नहीं आया। बबलू ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
सेक्टर 10 क्राइम ब्रांच कर रही जांच

सूचना पर पहुंची सेक्टर 37 थाना पुलिस ने घटनास्थल से पकड़े गए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान खांडसा गांव के विकास के रूप में की गई। आरोपित के पास से एक अवैध पिस्टल बरामद की गई।

आरोपित ने बताया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अवैध हथियार के बल पर लूटपाट की वारदात को अंजाम देने की साजिश रची थी। मामले की जांच सेक्टर 10 क्राइम ब्रांच की टीम कर रही है। पुलिस आरोपित से उसके दोनों अन्य साथियों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है। हालांकि, 24 घंटे बीतने के बाद भी दोनों आरोपित फरार बताए जा रहे हैं।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162314