चंडीगढ़ में नगर निगम की पार्किंग को लेकर नई व्यवस्था लागू।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शहर में नगर निगम की पेड पार्किंग में अब किसी भी वाहन के लिए कोई छूट नहीं मिलेगी। इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (ईवीएस) के लिए भी भुगतान करना होगा। पहले 15 मिनट की पार्किंग भी अब फ्री नहीं होगी। निगम कमिश्नर अमित कुमार के आदेश के बाद यह फैसला लिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत, सभी वाहनों को पेड पार्किंग में निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा। 2023 में इलेक्ट्रिक वाहनों को पेड पार्किंग में छूट दी गई थी, जोकि अब खत्म कर दी गई है। 15 मिनट की फ्री पार्किंग की छूट को इसलिए खत्म किया गया है, क्योंकि इसे लेकर कई बार वाहन चालक और कर्मचारियों में बहस होने के मामले सामने आए हैं।
इस फैसले का शहरवासियों की जेब पर असर जरूर पड़ेगा, लेकिन व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। व्यवस्था में सुधार के लिए निगम ने वन पास स्कीम भी लॉन्च की है, जिसमें दोपहिया वाहनों के लिए 250 रुपये और चार पहिया वाहनों के लिए 500 रुपये में मासिक पार्किंग पास उपलब्ध है।
पास के लिए रूझाान भी दिखाई दे रहा है और चार हजार से ज्यादा वाहन चालक पास बनवा चुके हैं। हालांकि, कांग्रेस समेत लोगों की तरफ से यह भी आवाज उठाई जा रही है कि स्मार्ट पार्किंग के नाम पर पैसे तो लिए जा रहे हैं, लेकिन सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। ऐसे में निगम अफसरों को पार्किंग सुविधाओं को बढ़ाना चाहिए।
213 फ्री पार्किंग को पेड कराने के प्रयास में निगम कमिश्नर
नगर निगम की 213 पार्किंग अभी फ्री हैं। इनको पेड करने का प्रस्ताव 11 फरवरी को निगम की हाउस बैठक में लाया गया था, लेकिन मेयर सौरभ जोशी समेत सभी पार्षदों ने विरोध जताया। सभी ने प्रस्ताव के खिलाफ मत दिया। इसके बाद प्रस्ताव को रद करना पड़ा, लेकिन निगम कमिश्नर अमित कुमार ने इस पर अपनी आपत्ति जताई।
उन्होंने कहा कि प्रस्ताव को अपनी आपत्ति के साथ प्रशासन को भेजेंगे। वहां से प्रस्ताव को मंजूरी के बाद लागू किया जाएगा। पार्किंग के वार्षिक पास में छूट के प्रस्ताव को भी नगर निगम ने फिलहाल स्थगित कर दिया था, जिस पर अगली बैठक में चर्चा होगी। |