विदेशी नंबर से आत्म नगर विधायक कुलवंत सिद्दू को मिली धमकी। फाइल फोटो
संवाद सहयोगी, लुधियाना। हलका आत्म नगर से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक कुलवंत सिंह सिद्दू को विदेशी नंबर से लगातार धमकी भरी कॉल आने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और विधायक की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, करीब दस दिन पहले एक विदेशी नंबर से पहली कॉल आई थी। शुरुआती दौर में इसे सामान्य समझा गया, लेकिन बाद में लगातार कॉल आने लगीं। कॉल की प्रकृति को देखते हुए विधायक सिद्दू ने मामले की सूचना पुलिस कमिश्नर को दी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब हाल ही में विधायक के निवास पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। शुक्रवार देर रात एक कार में सवार कुछ संदिग्ध व्यक्ति घर के आसपास मंडराते दिखाई दिए। पुलिस अब फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान और उसमें सवार लोगों का पता लगाने में जुटी है।
सुरक्षा पहले से कड़ी, अब और बढ़ाई गई
मिली धमकियों को ध्यान में रखते हुए विधायक की सुरक्षा पहले ही सख्त कर दी गई थी। अब आवास के बाहर आने-जाने वालों की गहन जांच की जा रही है और अतिरिक्त निगरानी तैनात कर दी गई है। कॉल डिटेल रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं और विदेशी नंबर की ट्रेसिंग के प्रयास भी जारी हैं।
पहले भी मिला था सुरक्षा इनपुट
गौरतलब है कि इससे पहले विधायक अशोक पराशर को लेकर भी सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला था, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। |
|