search

जम्मू में अवैध निर्माण तोड़ने पहुंची पुलिस व प्रशासन टीम पर हमला, JCB चालक घायल

Chikheang 3 hour(s) ago views 1043
  

अवैध निर्माण तोड़ने पहुंची पुलिस व प्रशासन टीम पर हमला।



जागरण संवाददाता, जम्मू। जिला प्रशासन के निर्देश पर शुक्रवार को निक्की तवी क्षेत्र में अवैध रूप से निर्मित एक रिहायशी मकान को ध्वस्त करने पहुंची प्रशासन व पुलिस की टीम पर स्थानीय लोगों ने पत्थरों से हमला कर दिया।

चारों ओर से किए गए इस पथराव में अवैध निर्माण को गिरा रहा जेबीसी चालक घायल हो गया, जबकि मौके पर मौजूद पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने किसी तरह से अपने आप को बचाया।

जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार जम्मू को जावेद नगर स्थित एक अवैध निर्माण को गिराने के आदेश जारी किए गए थे, जिसके बाद पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई।

निर्देशों के अनुसार तहसीलदार जम्मू के नेतृत्व में एसपी सिटी नार्थ जम्मू, डीएसपी मुख्यालय, एसएचओ थाना नवाबाद, प्रभारी पुलिस पोस्ट केनाल, प्रभारी पुलिस पोस्ट तालाब तिल्लो, एसएचओ थाना सतवारी तथा प्रभारी पुलिस पोस्ट बेलीचराना सहित पर्याप्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासन की टीम ने जेसीबी की सहायता से अवैध मकान को गिराना शुरू किया।

कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे एक जेसीबी चालक घायल हो गया। घायल चालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह कार्रवाई नियमानुसार की गई है और भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमणों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और एहतियातन पुलिस बल तैनात रखा गया है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की पहचान करना आरंभ कर दिया है।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162131