जनकपुरी के बैंक्वेट हॉल में लगी आग।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी जिला के व्यस्ततम इलाके जनकपुरी में शनिवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नामी बैंक्वेट हाल में अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
फायर विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कंट्रोल रूम को शाम 5:22 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। यह हादसा जनकपुरी पेट्रोल पंप के सामने स्थित एसके प्रेशियस बैंक्विट हाल में हुआ था। आग की लपटें उठते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अलग-अलग फायर स्टेशनों से आग बुझाने वाली 4 गाड़ियां तुरंत मौके पर रवाना की गईं।
घटनास्थल के ठीक बगल में जनकपुरी थाना होने के कारण पुलिस टीम भी चंद मिनटों में मौके पर पहुंच गई। असिस्टेंट डिविजनल आफिसर आरके यादव और सब आफिसर बद्री प्रसाद की दमकल कर्मियों की टीम ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई के कारण आग को फैलने से रोक लिया गया।
राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल या हताहत नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि जिस समय आग लगी, उस समय बैंक्वेट हाल में एक कार्यक्रम शुरू होने वाला था और लोग वहां जुटना शुरू हुए थे। समय पर आग बुझ जाने से वहां मौजूद लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, प्राथमिक तौर पर इसे शार्ट सर्किट का मामला माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- रोहिणी में स्कूटी सवार बदमाशों ने युवक की सिर में गोली मारकर की हत्या, पुलिस को टिल्लू गैंग पर संदेह |
|