जागरण संवाददाता, बांसी सिद्धार्थनगर। एक गांव से दो दिनों से लापता 14 वर्षीय किशोरी के मामले में पिता की तहरीर पर दो युवकों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों तथा किशोरी की तलाश तेज कर दी है।
नाबालिग बेटी के अपहरण का आरोप, दो युवकों पर मुकदमा दर्ज
पीड़ित पिता के अनुसार गुरुवार की शाम उनकी बेटी शौच के लिए घर से बाहर गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। स्वजन और ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्रों व रिश्तेदारों के यहां तलाश की, परंतु उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को गांव की एक सहेली ने किशोरी का मोबाइल परिजनों को सौंपा। मोबाइल में मिले कुछ नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बातचीत नहीं हो सकी।
दो दिन से लापता 14 वर्षीय किशोरी, पुलिस ने शुरू की तलाश
पिता का कहना है कि करीब चार माह पहले उनकी बेटी को बस्ती जनपद के रुधौली बाजार में थाना क्षेत्र के करही मस्जिदिया निवासी जाफर और आजम के साथ देखा गया था। इसी आधार पर उन्होंने दोनों युवकों पर बेटी के अपहरण का आरोप लगाया है। पिता ने आशंका जताई है कि उनकी बेटी के साथ कोई अप्रिय घटना घट सकती है।
पिता ने जताई अनहोनी की आशंका, आरोपितों की खोज में टीमें सक्रिय
शिवनगर डिडई के थानाध्यक्ष अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि शुक्रवार शाम मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमों को आरोपितों की तलाश और किशोरी की बरामदगी के लिए लगाया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। |
|