मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने किया साहिबाबाद नोटिस सुनवाई केंद्र का निरीक्षण। सौ- प्रशासन
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र के नगर पालिका बालिका इंटर कालेज स्थित नोटिस सुनवाई केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आपत्ति निस्तारण करने वाले अधिकारियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके बाद वह हिन्दी भवन पहुंचे, जहां आयोजित संवाद कार्यक्रम में लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और धौलाना (आंशिक) के बीएलओ व सुपरवाइजरों से विस्तृत चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सुनवाई केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं, कार्यप्रणाली, शिकायत निस्तारण और नागरिक सेवाओं की समीक्षा की।
मतदाताओं से संवाद कर सुनी समस्याएं
उन्होंने उपस्थित मतदाताओं से सीधे संवाद कर समस्याएं व सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी सुझाव लेकर उनके सहयोग की सराहना की।
उन्होंने शालीन व्यवहार, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया जिले में बूथ व सोसायटी स्तर पर 86 विशेष शिविर आयोजित किए गए हैं।
नागरिक सुविधा के लिए बीएलओ स्तर पर सुनवाई, वीडियो काल से वेरिफिकेशन तथा साफ्ट कापी के माध्यम से आइडी जांच जैसी पहल लागू की गई हैं। संवाद कार्यक्रम में मतदाता सूची के अद्यतन, नए पंजीकरण, नाम संशोधन, स्थानांतरण और विलोपन कार्यों की समीक्षा की गई।
यह भी पढ़ें- SIR के बीच जिला निर्वाचन कार्यालय मेरठ के अफसर और वरिष्ठ लिपिक ने मांगा VRS, लखनऊ तक पहुंचा मामला
उन्होंने बताया कि छह जनवरी 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची में कुल 20,19,852 मतदाता हैं, जिनमें 7,30,737 यानी 36 प्रतिशत मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए।
इनमें 96.44 प्रतिशत नोटिस जनरेट, 22.12 प्रतिशत नोटिस बीएलओ द्वारा रिसीव कराए गए और 11 प्रतिशत मामलों की सुनवाई पूर्ण हो चुकी है। नोटिस सुनवाई की प्रक्रिया 15 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य है।
इस दौरान उन्होंने एसआइआर अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 39 बीएलओ, 11 सुपरवाइजर, छह सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, पांच निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने अभियान की प्रगति बताते हुए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़, सीडीओ अभिनव गोपाल आदि उपस्थित रहे।
प्रक्रिया के तहत हो रहा काम, आरोप निराधार
मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणदीप रिणवा ने नाहल में सपा की ओर से वोट काटने के आरोपों के सवाल पर कहा कि एसआइआर का पूरा काम प्रक्रिया के तहत हो रहा है। इस तरह के आरोप निराधार है। अभियान के तहत सभी जगह प्रक्रिया में पूरी तरह पारदर्शिता अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- शादी के बाद पहचान का संकट! प्रेम विवाह बना अंजलि के लिए मुसीबत, अब वोट डालने के लिए भटक रहे दंपत्ति |