जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज। (रॉयटर्स)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने अमेरिका और यूरोप से दूरी पाटने और विश्वास बहाल करने का आह्वान किया। उन्होंने तर्क दिया कि तेजी से मुश्किल होती दुनिया में अकेले आगे बढ़ने के लिए अमेरिका भी पर्याप्त शक्तिशाली नहीं है।
म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए मर्ज ने \“\“एक नई अटलांटिक पार साझेदारी\“\“ का आह्वान किया। उन्होंने स्वीकार किया कि अटलांटिक के दोनों तरफ विभाजन और गहरी दरार पैदा हो गई है। म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सहित कई यूरोपीय नेताओं और शीर्ष वैश्विक सुरक्षा हस्तियों का वार्षिक सम्मेलन है।
पिछले साल यह सम्मेलन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का दूसरा कार्यकाल शुरू होने के कुछ सप्ताह बाद आयोजित किया गया था। इसमें उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की स्थिति के बारे में यूरोपीय नेताओं को भाषण देकर सबको चौंका दिया था।
यूक्रेन युद्ध समाप्त होने के बाद भी आक्रामक रूस से निपटना होगा : मैक्रों
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने कहा कि यूक्रेन युद्ध समाप्त होने के बाद भी पश्चिमी देशों को आक्रामक रूस से निपटना होगा। म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में मैक्रों ने कहा कि हमें यूक्रेन के मुद्दे पर मजबूती और दृढ़ता दिखानी चाहिए। यूक्रेन विवाद को समाप्त करने का तरीका रूसी मांगों के आगे झुकना नहीं, बल्कि रूस पर दबाव बढ़ाना है। यह साहस दिखाने का सही समय है। यह एक मजबूत यूरोप के लिए सही समय है।
(समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ) |