हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। गांव झोझू-कलियाना के बीच वीरवार देर रात ट्रैक्टर से गिरने पर श्रमिक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह मृतक के स्वजन व झोझू कलां थाना पुलिस टीम स्थानीय सिविल अस्पताल पहुंची और कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम करवाया गया। मृतक की पहचान बाढड़ा निवासी करीब 36 वर्षीय अभिषेक के रूप में हुई है।
स्वजनों से मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक मजदूरी करता था। वह वीरवार देर रात को साथी श्रमिक के साथ ट्रैक्टर-ट्राली में लकड़ियां भरकर वाया झोझू होते हुए बाढड़ा से दादरी आ रहा था। वह साइड में ट्रैक्टर के बंपर पर बैठा था उसी दौरान वह झोझू व कलियाना के बीच ट्रैक्टर से गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने उसे चरखी दादरी सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार सुबह मृतक के स्वजन व झोझू कलां थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और कागजी कार्रवाई की। पुलिस ने स्वजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें सौंप दिया है।
मृतक शादीशुदा था और वह तीन बच्चों का पिता था। जांच अधिकारी एचसी जयवीर ने बताया कि मृतक के भाई सतीश के बयान दर्ज कर मामले में इतफाकिया मौत की कार्रवाई की है। |
|