LHC0088 • 5 hour(s) ago • views 655
सिद्धू मूसेवाला के साथ बंटी बैंस। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, मानसा। दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के परिवार और म्यूजिक डायरेक्टर बंटी बैंस के बीच पैसों के हिसाब-किताब को लेकर छिड़ा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है और मामला सोशल मीडिया से लेकर पुलिस दफ्तर तक पहुंच चुका है।
11 फरवरी को मूसेवाला के माता-पिता ने मानसा के एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना दिया था। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की कंपनी के खातों को लेकर उन्हें पूरी जानकारी नहीं दी जा रही। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी शिकायत पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही और कुछ लोग मामले को प्रभावित कर रहे हैं।
धरने के बाद विवाद और गहरा गया। बंटी बैंस ने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट डालकर अपनी सफाई दी। उन्होंने साफ कहा कि मूसेवाला की कंपनी के पैसों का हिसाब-किताब वह नहीं बल्कि शब्बीर मोमिन नाम का व्यक्ति संभालता था। बैंस ने दावा किया कि शब्बीर ने अब तक पूरा हिसाब नहीं दिया और उसी के कारण परिवार को परेशानी हो रही है।
यह भी पढ़ें- पूर्व एएजी की पत्नी हत्या केस; हाईकोर्ट ने चार्जशीट देने के कहा, जांच की कमियों पर आपत्ति को दो सप्ताह
मां चरण कौर की ऑडियो क्लिव की वायरल
विवाद को नया मोड़ तब मिला जब बैंस ने मूसेवाला की मां चरण कौर की एक ऑडियो क्लिप और कुछ चैट स्क्रीनशॉट साझा किए। बंटी बैंस ने साफ लिखा है-
“क्या मैं चोर हूं। मैं ये टैग लगाकर नहीं रखूंगा।“
ऑडियो में चरण कौर यह कहती सुनाई देती हैं कि बीच में खड़े होकर किनारा न करें और यदि साथ मिलकर लड़ते तो किसी को गलत कहने का मौका नहीं मिलता। इस ऑडियो के सार्वजनिक होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई।
यह भी पढ़ें- सड़क पर लापरवाही बनी जानलेवा; गोराया में स्कूटर बाइक की टक्कर, दो नाबालिगों की मौत
बलकौर सिंह ने लगाए थे कार्रवाई न होने के आरोप
बलकौर सिंह ने पुलिस पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने बेटे की कंपनी की स्टेटमेंट मांगने का अधिकार है, लेकिन उनकी शिकायत पर ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने यहां तक आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी दबाव में काम कर रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम ने पंजाबी संगीत उद्योग में हलचल मचा दी है। प्रशंसक और इंडस्ट्री से जुड़े लोग दो खेमों में बंटते नजर आ रहे हैं। एक तरफ परिवार के समर्थन में आवाज उठ रही है, तो दूसरी ओर बंटी बैंस अपनी बेगुनाही का दावा कर रहे हैं।
फिलहाल मामला जांच के दायरे में है, लेकिन जिस तरह से ऑडियो और चैट सार्वजनिक हुए हैं, उसने इस विवाद को और भी संवेदनशील बना दिया है। अब सबकी नजर पुलिस और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।
यह भी पढ़ें- मिट्टी से भरी ट्राली बनी काल, पंजाब में दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत; गिरफ्तारी न होने पर बब्बरी बाइपास जाम |
|