विदेश भेजने के नाम पर चार लाख की ठगी, मामला दर्ज।
संवाद सहयोगी, मुलाना। धीन गांव के रहने वाले युवक के बेटे को वर्क वीजा पर जार्जिया भेजने का झांसा देकर चार लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित को आरोपित ने नकली वीजा व टिकट थमा दिया, जिसका खुलासा दिल्ली एयरपोर्ट पर जाकर हुआ।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक अंबाला को अपनी शिकायत सौंपी जिस पर मुलाना थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बलदेव राज निवासी गांव धीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपित गगन ने उसे उसके बेटे को जार्जिया वर्क वीजा पर भेजने का झांसा दिया था।
आरोपित ने अपने इमिग्रेशन कार्यालय, छछरौली रोड, जगाधरी में उससे संपर्क किया और चार लाख रुपये में विदेश भेजने का पैकेज बताया। इसके बाद उसने पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज जमा करवा दिए। आरोपित को आनलाइन और नकद माध्यम से कुल चार लाख रुपये दिए गए।
आरोपित ने पांच जून 2025 को उसे वीजा और टिकट देकर 11 जून 2025 की फ्लाइट बताई, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर टिकट और वीजा फर्जी निकले। इसके बाद शिकायतकर्ता ने रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोपित टालमटोल करता रहा और फोन उठाना भी बंद कर दिया। |