search

कुरुक्षेत्र में काम की तलाश में आया युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की कार्यवाही

Chikheang 3 hour(s) ago views 561
  

कैप्शन: कुरुक्षेत्र में काम की तलाश में आया युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता (फाइल फोटो)



जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र में काम की तलाश में उत्तर प्रदेश के बहराइच से आया एक युवक शाहाबाद पहुंचने के अगले ही दिन रहस्यमय हालात में लापता हो गया। 12 दिन बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है, जिससे स्वजन गहरे सदमे में हैं। थाना शाहाबाद पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उत्तर प्रदेश के जिला बहराइच के गांव तौकली निवासी लक्खु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 21 वर्षीय बेटा अनिल पहले अहमदाबाद में रहकर काम कर रहा था। इसी दौरान उसके दोस्त रामू ने उसे फोन कर शाहाबाद आने के लिए कहा। रामू भी बहराइच का रहने वाला है और शाहाबाद में कोल्ड स्टोरेज का ठेकेदार बताया गया है।

उसने अनिल को 27 हजार रुपये मासिक वेतन, रहने और खाने की सुविधा की बात कही। किराए के पैसे न होने पर रामू ने अनिल को किराया भी भेज दिया।
परिजनों ने लगाए आरोप

उन्होंने बताया कि 31 जनवरी को अनिल शाहाबाद पहुंचा और रामू की पत्नी के पास गया, जो उसे जलेबी पुल के पास स्थित एक कोल्ड स्टोर ले गई, जहां कामकाज की जानकारी दी गई। उस समय कोल्ड स्टोर का मैनेजर सुनील भी मौजूद था। आरोप है कि रामू की पत्नी और सुनील ने अनिल को खाना खिलाया और शराब भी पिलाई।

इसके अगले ही दिन अनिल अचानक लापता हो गया। अनिल का मोबाइल फोन रामू की पत्नी के पास बताया जा रहा है। जब स्वजनों ने संपर्क किया तो रामू की पत्नी ने कहा कि अनिल नशे में था और दरवाजे से टकराने पर उसे चोट लग गई थी।

उसने कहा कि एक फरवरी की सुबह अनिल मोटरसाइकिल लेकर चला गया था, जिसे उसने सीसीटीवी में जाते हुए देखा, लेकिन बाद में सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया।
10 महीने पहले हुई थी शादी

लक्खु ने बताया कि उसने रिश्तेदारों और दोस्तों से हर जगह तलाश की, लेकिन अनिल का कहीं पता नहीं चला। करीब 10 महीने पहले ही अनिल की शादी हुई थी। जांच अधिकारी रामनिवास ने बताया कि युवक की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
161053