देहरादून में पत्रकारों से बात वार्ता करते एसएसपी अजय सिंह। जागरण
जागरण संवाददाता, देहरादून। गैस एजेंसी मालिक व कारोबारी अर्जुन शर्मा की हत्या का पर्दाफाश करते हुए दून पुलिस ने मृतक की मां बीना शर्मा समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
जिनमें मृतक की मां के घनिष्ठ सहयोगी विनोद उनियाल और एसके मेमोरियल अस्पताल के संचालक डा अजय खन्ना शामिल हैं।
इससे पहले दून पुलिस ने गुरुवार तड़के अर्जुन को गोली मारने वाले शूटर राजू और उसके भाई पंकज को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। दोनों से गहन पूछताछ में साजिश रचने में मृतक की मां और उसके सहयोगियों के नाम सामने आए थे। शूटरों ने 12 लाख रुपये में अर्जुन की सुपारी ली थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि बुधवार को तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर की स्कूटी सवारों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
अर्जुन जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक थे। उनके पिता बलिदानी कर्नल रमेश चंद्र शर्मा थे। हत्याकांड में मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा की तहरीर पर उनकी सास बीना शर्मा, विनोद उनियाल, उसकी पत्नी संगीता उनियाल, डा. अजय खन्ना के विरुद्ध कोतवाली डालनवाला में मुकदमा दर्ज किया गया।
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया। गुरुवार तड़के रायपुर थाना पुलिस ने लाडपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया तो वह फायर करते हुए जंगल की ओर भागा।
पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो व्यक्ति के पैर पर लगी। उसकी पहचान राजीव उर्फ राजू निवासी इंदिरा कालोनी, चुक्खूवाला के रूप में हुई।
उससे तमंचा बरामद हुआ। वहीं, डोईवाला पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पंकज राणा निवासी इंद्रा कालोनी चुक्खूवाला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या करने की बात स्वीकार की।
विनोद उनियाल ने दी थी सुपारी
गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें विनोद उनियाल ने सुपारी दी थी। आरोपित पंकज राणा, विनोद उनियाल का ड्राइवर था।
पंकज ने हत्या के लिए अपने भाई राजू को तैयार किया, क्योंकि वह पूर्व में अपने सौतेले पिता की हत्या कर चुका है। विनोद उनियाल ने साजिश में अर्जुन शर्मा की मां व प्रापर्टी खरीदने व बेचने का काम करने वाले डा. अजय खन्ना का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों का विवरण
- पंकज राणा निवासी इंदिरा कालोनी, चुक्खूवाला
- राजीव उर्फ राजू निवासी इंदिरा कालोनी, चुक्खूवाला
- बीना शर्मा निवासी वसंत विहार
- विनोद उनियाल निवासी इंदर रोड, डालनवाला
- डा. अजय खन्ना निवासी ईसी रोड, डालनवाला
यह भी पढ़ें- देहरादून में कारोबारी के हत्यारे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद हुए गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- देहरादून में युवक की गोली मारकर हत्या, तिब्बती मार्केट के पास सनसनीखेज वारदात |
|