बेतिया-कुमारबाग रेलखंड पर ब्लॉक: 11-18 फरवरी तक कई ट्रेनें रद, डायवर्ट और रीशेड्यूल
संवाद सूत्र, बेतिया। बेतिया-कुमारबाग रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य को लेकर रेलवे प्रशासन ने ट्रेनों की लंबी सूची जारी की है। निर्माण कार्य और सीआरएस (रेलवे सुरक्षा आयुक्त) निरीक्षण के मद्देनजर 11 फरवरी से 18 फरवरी तक विभिन्न तिथियों में ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके कारण कई ट्रेनों को रद, शॉर्ट टर्मिनेट, शॉर्ट ओरिजिनेट, डायवर्ट तथा रीशेड्यूल किया गया है।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार 14, 15 और 16 फरवरी को अधिक समय का ब्लॉक लिया गया। 17 फरवरी को सीआरएस निरीक्षण प्रस्तावित है, जिसके चलते उस दिन सबसे अधिक ट्रेनों पर प्रभाव पड़ेगा। 18 फरवरी को भी 240 मिनट का ब्लॉक निर्धारित है।
रेलवे की अपील
स्टेशन अधीक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा है कि देर से चल रही ट्रेनों को आवश्यकता अनुसार नियंत्रित किया जाएगा। 10 जनवरी 2026 के बाद शुरू की गई नई ट्रेनों पर भी प्रभाव पड़ सकता है।
वहीं, मालगाड़ियों का संचालन भी स्थिति के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा। उन्होंने ने यात्रियों से अपील किया है कि यात्रा से पूर्व संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे हेल्पलाइन या आधिकारिक वेबसाइट से अवश्य प्राप्त कर लें।
17 फरवरी को सबसे अधिक असर
17 फरवरी को सीआरएस निरीक्षण के कारण छह ट्रेनों को रद किया गया है। इनमें 63342, (रूट परिवर्तन), 75236, 63309, 75235 एवं 63311 मेमू/डेमू ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को बीच मार्ग में ही शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ओरिजिनेट किया जाएगा।
कई ट्रेनों का रूट परिवर्तन
दोहरीकरण कार्य के कारण अनेक एक्सप्रेस व मेमू ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। प्रमुख रूप से 19038 बीजु-बीडीटीएस एक्सप्रेस, 12557 एक्सप्रेस, 15215/15216 मेमू एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को नरकटियागंज, रक्सौल, सगौली आदि वैकल्पिक मार्गों से चलाया जाएगा। कुछ ट्रेनों में पीछे इंजन जोड़ने और हटाने की भी व्यवस्था की गई है।
16 फरवरी को भी कई ट्रेनें प्रभावित
जारी पत्र में के अनुसार 16 फरवरी को 360 मिनट और अतिरिक्त 90 मिनट का व्हील फ्री ब्लॉक लिया जाएगा। इस दिन भी चार ट्रेनों को रद किया गया है तथा 20 से अधिक ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है।
18 फरवरी को रीशेड्यूल
जारी पत्र में के अनुसार 18 फरवरी को 240 मिनट (सुबह 10:30 से दोपहर 2:30 बजे तक) ब्लॉक रहेगा। इस दिन 19038 एक्सप्रेस को 150 मिनट विलंब से चलाया जाएगा, जबकि 12557 एक्सप्रेस को 60 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।
रेलवे यात्री परेशान, स्टेशन पर लगी भीड़
बेतिया-कुमारबाग रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य और ब्लॉक के कारण ट्रेनों के रद, विलंब व मार्ग परिवर्तन से गुरुवार को स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई ट्रेनें रद होने तथा कुछ के विलंब से चलने के कारण यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। सुबह से ही टिकट काउंटर और पूछताछ केंद्र पर लंबी कतारें देखी गईं। खासकर दैनिक यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ी।
कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा, जिससे अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ा। इस दौरान स्टेशन परिसर में भीड़ बढ़ने से प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
यात्रियों को ट्रेन की सटीक जानकारी नहीं मिलने से असमंजस की स्थिति बनी रही। हालांकि, रेलवे प्रशासन द्वारा लाउडस्पीकर से समय-समय पर घोषणा की जा रही थी, फिर भी अचानक बदलाव से लोग परेशान दिखे। |