बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने को लेकर पाकिस्तान को चेतावनी देने के ICC के फैसले का समर्थन किया है। यह मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना है। राजीव शुक्ला का कहना है कि ICC ने खेल भावना को ध्यान में रखते हुए बिल्कुल सही कदम उठाया है।
दरअसल, पाकिस्तान सरकार की ओर से एक आधिकारिक बयान जारी किया गया, जिसमें भारत के खिलाफ इस हाई-प्रोफाइल मैच से हटने की बात कही गई। इसे कई लोग राजनीतिक विरोध से जोड़कर देख रहे हैं।
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया गया। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से अपने मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की थी, जिसे ICC ने खारिज कर दिया।
इसके पहले बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर कर दिया गया, जिसे लेकर विवाद और बढ़ गया। बांग्लादेश ने भारत आने से इनकार कर दिया और इसी क्रम में पाकिस्तान ने भी भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच न खेलने का फैसला लिया।

ICC ने साफ तौर पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को चेतावनी दी है कि अगर उसने भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार किया, तो उसे कड़ी सजा भुगतनी पड़ सकती है। राजीव शुक्ला ने कहा कि ICC ने इस मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है और उसमें खेल भावना पर ज़ोर दिया गया है। बीसीसीआई भी ICC के रुख से पूरी तरह सहमत है।
भारत-पाकिस्तान मुकाबला किसी भी ICC टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण होता है। इस मैच से सबसे ज्यादा दर्शक, विज्ञापन और कमाई होती है। अगर यह मैच नहीं होता है, तो ब्रॉडकास्टर्स को 200 से 250 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो सकता है। एक 10 सेकंड का विज्ञापन स्लॉट लगभग 40 लाख रुपये का होता है।
अगर पाकिस्तान की टीम मैदान पर नहीं उतरती है, तो नियमों के अनुसार भारत को वॉकओवर मिलेगा और दो अंक मिल जाएंगे। भारतीय टीम कोलंबो पहुंचेगी और कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस के लिए मैदान पर जाएंगे। अगर पाकिस्तान कप्तान सलमान अली आगा नहीं आते हैं, तो मैच रेफरी भारत को विजेता घोषित कर देगा।
|