वाशिंगटन। भारतीय मूल की अमेरिकी राजनेता और पूर्व राजनयिक निक्की हेली (Nikki Haley) के बेटे नलिन हेली (Nalin Haley) एक बार फिर भारत (Indian) को लेकर दिए गए अपने बयान के कारण विवादों में आ गए हैं। इस बार उन्होंने भारत सरकार पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उसे “सस्ता” करार दिया और कहा कि भारत अमेरिका का सच्चा सहयोगी नहीं है।
नलिन हेली ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए भारत-अमेरिका संबंधों पर सवाल खड़े किए और दोनों देशों के मौजूदा कूटनीतिक रिश्तों को बनाए रखने का भी विरोध किया। उनके मुताबिक, भारत ने अमेरिका के हितों के अनुरूप व्यवहार नहीं किया है।
सोशल मीडिया पोस्ट से मचा बवाल
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की गई पोस्ट में नलिन हेली ने लिखा कि भारत अमेरिका को सस्ता श्रम भेजता है, ईरान से सस्ता तेल और रूस से सस्ते हथियार खरीदता है। उन्होंने इस रवैये के लिए सीधे तौर पर भारत सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए तीखी भाषा का इस्तेमाल किया।
उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि अमेरिका को अपने कई तथाकथित सहयोगियों के साथ रिश्तों की दोबारा समीक्षा करनी चाहिए।
भारत को लेकर पहले भी दे चुके हैं बयान
यह पहली बार नहीं है जब नलिन हेली ने भारत के खिलाफ सार्वजनिक रूप से बयान दिया हो। इससे पहले भी वे कई मौकों पर भारत की नीतियों की आलोचना कर चुके हैं और अपनी भारतीय पृष्ठभूमि से दूरी बनाते नजर आए हैं।

पिछले साल दिसंबर में जब भारत ने अमेरिका के सामने H-1B वीजा प्रोसेसिंग में देरी का मुद्दा उठाया था, तब नलिन हेली ने दावा किया था कि भारत की चिंता फंसे हुए प्रोफेशनल्स से ज्यादा उनके द्वारा भेजे जाने वाले पैसों को लेकर है।
|